ताजा खबर
56 अफसरों की संयुक्त टीम ने की थी कार्रवाई
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 27 फरवरी। लोरमी में बिजली चोरी के खिलाफ बिजली वितरण कंपनी ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। 56 अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम ने एक साथ कई जगहों पर दबिश दी और 31 स्थानों पर बिजली चोरी पकड़ी थी। पकड़े गए मामलों में मंगल भवन, फार्महाउस, बिग बाजार और ज्वेलर्स की दुकानें भी शामिल हैं।
बिजली चोरी पाए जाने पर संबंधित उपभोक्ताओं को कुल 17 लाख रुपये का सहायक बिल थमाया गया है। मामले में लोरमी उपसंभाग में पदस्थ सहायक अभियंता लव सिंह को प्रारंभिक जांच में गंभीर लापरवाही का दोषी पाया गया है। इसके अलावा बिजली चोरी में मिलीभगत की भी आशंका है।
क्षेत्रीय कार्यपालन निदेशक ए.के. अम्बस्ट ने लव सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय अधीक्षण अभियंता कार्यालय, कोरबा तय किया गया है।
ओएंडएम सर्किल के अंतर्गत लोरमी क्षेत्र में यह संयुक्त कार्रवाई वरिष्ठ अभियंता एस.के. जांगड़े के नेतृत्व में की गई थी। टीम में 3 कार्यपालन अभियंता, 8 सहायक अभियंता, 9 कनिष्ठ अभियंता, 23 लाइन स्टाफ और 12 सतर्कता दल के सदस्य शामिल थे।
जांच के दौरान पाया गया कि कई जगहों पर मीटर को बायपास कर सीधी हुकिंग के जरिए बिजली खपत की जा रही थी।
कार्रवाई में जिन प्रमुख स्थानों पर चोरी पकड़ी गई, उनमें अंजली बिग बाजार, दिनेश ज्वेलर्स, टेकचंद गुप्ता, अनिल सलूजा फार्महाउस और जवाहरलाल साहू का मंगलबवन शामिल हैं।


