ताजा खबर

ट्रेलर-स्कॉर्पियो भिड़ंत में 5 की मौत, एक की हालत नाजुक
27-Feb-2026 12:52 PM
ट्रेलर-स्कॉर्पियो भिड़ंत में 5 की मौत, एक की हालत नाजुक

रायपुर-रतनपुर हाईवे पर आधी रात के बाद हादसा, गैस कटर से निकाले गए शव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 

बिलासपुर, 27 फरवरी। रायपुर-रतनपुर नेशनल हाईवे पर गुरुवार तड़के एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। संभलपुरी गांव स्थित यादव ढाबा के सामने तेज रफ्तार ट्रेलर और स्कॉर्पियो की आमने-सामने टक्कर में पांच लोगों की जान चली गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है।  

जानकारी के मुताबिक ट्रेलर (सीजी 11 बीडी 9044) सकरी-रतनपुर की ओर से रायपुर जा रहा था। रात करीब 2 बजे ट्रेलर अचानक अनियंत्रित होकर गलत दिशा में चला गया और सामने से आ रही स्कॉर्पियो (सीजी 04 एमक्यू 4220) से सीधी भिड़ंत हो गई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रेलर पलट गया और पास खड़े दूसरे ट्रेलर से जा टकराया। स्कॉर्पियो पूरी तरह पिचक गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए।

हादसे की सूचना मिलते ही सकरी पुलिस मौके पर पहुंची। गैस कटर की मदद से वाहन को काटकर अंदर फंसे लोगों को निकाला गया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाला जा सका।

तब तक चार लोगों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। एक घायल को गंभीर हालत में सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज जारी है। सभी को तड़के 5 बजे सिम्स लाया गया, जहां डॉक्टरों ने चार को मृत घोषित किया। एक की इलाज के दौरान मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो में सवार पांच लोग परिवार की शादी की 25वीं सालगिरह समारोह में शामिल होने यादव ढाबा आए थे। कार्यक्रम से लौटते समय थोड़ी ही दूरी पर यह दर्दनाक दुर्घटना हो गई।

हादसे में जान गंवाने वालों में प्रकाश राठे (36 वर्ष), निवासी ग्राम कलका, थाना सकरी, विशाल साहू (23 वर्ष), निवासी बिरगहनी, जिला मुंगेली, अमन साहू (15 वर्ष), निवासी बिरगहनी, जिला मुंगेली, वेंद्र मिश्रा (34 वर्ष), निवासी खैरझिटी, थाना सीपत तथा छत्रपाल राठौर (37 वर्ष), निवासी करईझार, थाना तखतपुर शामिल हैं।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेलर तेज रफ्तार में था और अचानक गलत दिशा में आ गया।

हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी बाधित रहा। पुलिस ने वाहनों को हटवाकर मार्ग को सामान्य कराया।


अन्य पोस्ट