ताजा खबर

एसईसीएल ने शुरू किया कोल इंडिया का पहला ‘पेस्ट फिलिंग प्रोजेक्ट’ कोरबा अंडरग्राउंड माइंस से शुरू
12-Nov-2025 1:13 PM
एसईसीएल ने शुरू किया कोल इंडिया का पहला ‘पेस्ट फिलिंग प्रोजेक्ट’ कोरबा अंडरग्राउंड माइंस से शुरू

पर्यावरण संरक्षण की नई तकनीक का एसईसीएल के सीएमडी दुहन ने किया भूमिपूजन

छत्तीसगढ़' संवाददाता 

बिलासपुर, 12 नवंबर। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड  ने कोल इंडिया का पहला “पेस्ट फिलिंग प्रोजेक्ट” शुरू कर दिया है। यह परियोजना कोरबा क्षेत्र की सिंगाली अंडरग्राउंड माइंस में लागू की जा रही है। इस अत्याधुनिक तकनीक की शुरुआत मंगलवार को एसईसीएल मुख्यालय के चेयरमैन-कम-मैनेजिंग डायरेक्टर हरीश दुहन की उपस्थिति में हुई।

परियोजना का भूमिपूजन समारोह बड़े उत्साह के साथ आयोजित किया गया, जिसमें एसईसीएल के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी और डीएसबी उपक्षेत्र की संयुक्त परामर्श समिति के सदस्य बड़ी संख्या में शामिल हुए।
कार्यक्रम में आर.सी. महापात्रा, निदेशक (तकनीकी–प्रोजेक्ट एवं प्लानिंग), मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इस अवसर पर अतुल द्विवेदी (एमडी, टीएमसी), राजेश कुमार गुप्ता (जीएम, कोरबा क्षेत्र) और अजय तिवारी (जीएम, उत्पादन) सहित कई अधिकारी उपस्थित थे।

भूमिपूजन के बाद पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें वरिष्ठ अधिकारियों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के प्रति एसईसीएल की प्रतिबद्धता दोहराई।

मालूम हो कि ‘पेस्ट फिलिंग टेक्नोलॉजी’ एक उन्नत और पर्यावरण अनुकूल खनन तकनीक है, जिसमें खदानों में बची खाली जगहों को फ्लाई ऐश, खदानों के अवशेष और सीमेंट मिक्स कर बने पेस्ट से भरा जाता है।
यह तकनीक भूमिगत खदानों की स्थिरता बढ़ाती है, सतह पर होने वाले अपशिष्ट निस्तारण की समस्या घटाती है, और भूमि क्षरण व जल प्रदूषण को रोकने में मदद करती है।

इस तकनीक को अपनाकर एसईसीएल ने हरित और सुरक्षित कोयला खनन की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। यह पहल कोल इंडिया की सतत विकास और नवाचार की नीति के अनुरूप है।
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जिसमें सभी विभागों और टीमों के सहयोग की सराहना की गई।

 


अन्य पोस्ट