ताजा खबर

शादी और नौकरी का झांसा देकर युवती से 11 लाख की ठगी
12-Nov-2025 12:05 PM
शादी और नौकरी का झांसा देकर युवती से 11 लाख की ठगी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 12 नवंबर। ऑनलाइन रिश्ता तलाश करना एक युवती के लिए धोखाधड़ी का जाल साबित हुआ। मेट्रोमोनियल साइट पर हुई पहचान से शुरू हुई दोस्ती के नाम पर आरोपी युवक ने सरकारी नर्स की नौकरी दिलाने का झांसा दिया और युवती से 11 लाख रुपये हड़प लिए।

मिली जानकारी के अनुसार, कोरबा जिले के जेलगांव गांव निवासी साधना यादव (30 वर्ष) इन दिनों रतनपुर में रहती हैं। उनकी पहचान करीब एक साल पहले शादी डॉट कॉम वेबसाइट पर पवन कुमार यादव नाम के युवक से हुई थी।
पवन जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ डूंगा गांव का रहने वाला है। दोनों के बीच लंबे समय तक बातचीत होती रही और धीरे-धीरे उसने युवती का भरोसा जीत लिया।

साधना के मुताबिक, पवन ने खुद को प्रभावशाली व्यक्ति बताते हुए कहा कि वह बिल्हा के सरकारी अस्पताल में नर्स की नौकरी लगवा सकता है।
इसी बहाने उसने पहले रामा मैग्नेटो मॉल बिलासपुर में 3 लाख रुपये नगद लिए। बाद में कहा कि“अधिकारी बदल गए हैं, काम करवाने के लिए और पैसे लगेंगे। इस पर साधना ने कई किश्तों में कुल 11,05,200 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए।

कई महीने बीत जाने के बाद भी जब न नौकरी मिली और न कोई अपडेट आया, तब साधना ने आरोपी से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसने फोन बंद कर लिया और सोशल मीडिया से भी गायब हो गया।
तब जाकर साधना को एहसास हुआ कि वह ठगी का शिकार हो गई है।

पीड़िता ने पूरे मामले की शिकायत सिविल लाइन थाना बिलासपुर में दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी पवन कुमार यादव के खिलाफ धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


अन्य पोस्ट