ताजा खबर
दिल्ली के लाल क़िला इलाक़े में सोमवार को हुए कार धमाके को लेकर तुर्की ने बयान जारी कर संवेदना जाहिर की है. इसके साथ ही तुर्की ने 'आतंकवाद' के ख़िलाफ़ लड़ाई को लेकर अपनी प्रतिबद्धता जाहिर की है.
बयान में कहा गया, "10 नवंबर को दिल्ली में हुए धमाके में लोगों की जान जाने से हम दुखी हैं. हम उन परिवारों और भारत की जनता के प्रति संवेदना प्रकट करते हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हैं."
तुर्की ने 'आतंकवाद' को लेकर कहा, "तुर्की एक बार फिर आतंकवाद के हर रूप के ख़िलाफ़ अपने सिद्धांतगत रुख़ और इस वैश्विक ख़तरे के ख़िलाफ़ लड़ाई में सहयोग की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराता है."
दिल्ली के लाल क़िला के पास सोमवार को एक कार में धमाका हुआ. इस घटना में कम से कम आठ लोगों की मौत की पुष्टि दिल्ली पुलिस ने की है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि धमाके की साज़िश रचने वालों को 'नहीं छोड़ा जाएगा. सभी ज़िम्मेदार लोगों को कड़ी सज़ा मिलेगी.' (bbc.com/hindi)


