ताजा खबर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
अंबिकापुर, 9 नवंबर। सरगुजा में कड़ाके की ठंड पडऩे लगी है। पिछले 24 घंटों में अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री दर्ज किया गया है, जो पिछले 36 वर्षों के बाद 9 नवंबर का न्यूनतम तापमान है।मैनपाट में न्यूनतम तापमान लगभग 6 डिग्री पर पहुंच गया है।
अचानक तापमान गिरने से लोग मौसमी बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं।
पिछले 24 घंटों में अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री दर्ज किया गया है। वहीं, मैनपाट में न्यूनतम तापमान 6.1 डिग्री दर्ज किया गया है। शीतलहरों के कारण शाम होते ही सर्द हवाएं ठिठुरा रही हैं। मैनपाट में शाम होते ही सन्नाटा पसरने लगा है।
मौसम विभाग के अनुसार, 1969 से लेकर 2025 के बीच के दर्ज आंकड़ों में इसके पहले साल 1989 में 9 नवंबर को न्यूनतम तापमान 7.9 डिग्री दर्ज किया गया था। इस हिसाब से पिछले 36 वर्षों के बाद यह दूसरा मौका है। जब न्यूनतम तापमान का पारा 8 डिग्री के करीब पहुंचा है। पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में भी 1.5 डिग्री की गिरावट आई है। अधिकतम तापमान भी गिरकर 26.8 डिग्री पहुंच गया है।
छत्तीसगढ़ का शिमला कहे जाने वाले मैनपाट की उंचाई समुद्र तल से 1152 मीटर है। इस कारण मैनपाट में मैदानी इलाकों की तुलना में अधिक ठंड पड़ती है। मैनपाट में दिन में भी सर्द हवाएं ठिठुरा रही हैं। मौसम में आए बदलाव और अचानक ठंड बढऩे से लोगों के स्वास्थ्य पर भी इसका असर पड़ा है। लोग ठंड के कारण मौसमी बीमारियों की चपेट में आने लगे हैं।


