ताजा खबर

पुनर्वासित युवाओं ने देखी विधानसभा की कार्रवाई
27-Feb-2026 7:04 PM
पुनर्वासित युवाओं ने देखी विधानसभा की कार्रवाई

परिसर में गूंजा भारत माता जय के नारे 

छत्तीसगढ़ संवाददाता 

रायपुर, 27 फरवरी। माओवाद की विचारधारा त्यागकर संविधान की राह अपनाने वाले 120 पुनर्वासित पूर्व नक्सलियों ने गुरुवार को छत्तीसगढ़ विधानसभा पहुंचकर जनतांत्रिक प्रक्रिया का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। युवाओं ने सदन की कार्यवाही देखी और लोकतांत्रिक व्यवस्था की कार्यप्रणाली को करीब से समझा। इसे लोकतंत्र के इतिहास का एक अविस्मरणीय दिन बताया गया।

मुख्यमंत्री का ‘जय जोहार’ से स्वागत
विधानसभा परिसर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सभी पुनर्वासित युवाओं का ‘जय जोहार’ कहकर आत्मीय स्वागत किया। उन्होंने कहा कि सरकार पुनर्वासित साथियों की सुरक्षा, सम्मान और आजीविका सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। पुनर्वास नीति के सकारात्मक परिणामस्वरूप ही आज हिंसा का मार्ग छोड़कर युवा संविधान के मंदिर में लोकतांत्रिक प्रक्रिया के साक्षी बन रहे हैं।

‘गन’तंत्र छोड़ गणतंत्र में लौटे युवा
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि ‘गन’तंत्र का रास्ता छोड़कर गणतंत्र की मुख्यधारा में लौटने वाले युवाओं का हृदय से अभिनंदन है। उन्होंने विश्वास जताया कि ये युवा समाज में सकारात्मक बदलाव के वाहक बनेंगे और अन्य लोगों को भी मुख्यधारा से जुड़ने के लिए प्रेरित करेंगे।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के लक्ष्य और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में बस्तर में बदलाव स्पष्ट दिख रहा है।

मंत्रियों ने भी की आत्मीय मुलाकात
इस अवसर पर वित्त मंत्री ओपी चौधरी, वन मंत्री केदार कश्यप, शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, मंत्री गुरु खुशवंत साहब, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल तथा भाजपा प्रदेशाध्यक्ष किरण सिंह देव सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने युवाओं से मुलाकात कर शासन की प्रतिबद्धता दोहराई।

120 सदस्यीय दल में शीर्ष स्तर के सदस्य शामिल
दल में एक सीसीएम, 5 दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी सदस्य, 7 डिविजनल कमेटी सदस्य, 33 एरिया कमेटी सदस्य और 84 पार्टी सदस्य शामिल थे। इनमें 66 पुरुष और 54 महिलाएं थीं।

‘भारत माता की जय’ के गूंजे नारे
विधानसभा परिसर में मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के साथ पुनर्वासित युवाओं ने “भारत माता की जय” के नारे लगाए।

आसंदी ने बताया ऐतिहासिक क्षण
विधानसभा आसंदी ने कहा कि ऐसे ऐतिहासिक अवसर विरले ही आते हैं, जब पूर्व नक्सली लोकतंत्र से जुड़ने के लिए सदन की कार्यवाही देखने आते हैं। उन्होंने सभी को मुख्यधारा में लौटने पर शुभकामनाएं दीं।

उपमुख्यमंत्री ने किया रात्रि भोज
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने नया रायपुर स्थित अपने निवास पर पुनर्वासित युवाओं के साथ रात्रि भोज कर संवाद किया। उन्होंने कहा कि बस्तर का विकास अब बस्तरवासियों की भागीदारी से होगा। लघु वनोपज के सहकारिता आधारित प्रसंस्करण मॉडल से विकास का नया उदाहरण स्थापित किया जाएगा।


अन्य पोस्ट