ताजा खबर

झारखंड में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में तीन नक्सली मारे गए
26-Jul-2025 7:50 PM
झारखंड में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में तीन नक्सली मारे गए

गुमला, 26 जुलाई। झारखंड के गुमला जिले में शनिवार को सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में तीन नक्सली मारे गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि खुफिया जानकारी मिली थी कि भाकपा (माओवादी) से अलग हुए समूह झारखंड जन मुक्ति परिषद (जेजेएमपी) के सदस्य घाघरा थाना क्षेत्र के लावादाग में एकत्र हुए हैं।

पुलिस ने बताया कि इस गुप्त सूचना के आधार पर झारखंड जगुआर और गुमला पुलिस ने संयुक्त रूप से एक अभियान चलाया। पुलिस ने बताया कि इस दौरान सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच गोलीबारी शुरू हो गई।

पुलिस ने बताया कि गोलीबारी बंद होने के बाद घटनास्थल से एक एके-47 और दो इंसास राइफल बरामद की गईं।

झारखंड पुलिस के महानिरीक्षक (अभियान) माइकल एस. राज ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि अभियान अभी भी जारी है।

गुमला के पुलिस अधीक्षक (एसपी) हारिस बिन जमान ने कहा, ‘‘मृतकों में से एक की पहचान घाघरा के बेलागड़ा निवासी 32 वर्षीय दिलीप लोहरा के रूप में हुई है। अन्य दो मृतकों की पहचान करने की कवायद अब भी जारी है।’’

उन्होंने बताया कि जेजेएमपी के सदस्य पिछले दो-तीन दिनों से लावादाग चोरलटवा गांव के पास एक घर में छिपे थे।

उन्होंने कहा, ‘‘पुलिस जैसे ही मौके पर पहुंची, उन्होंने गोलीबारी शुरू कर दी और भागने की कोशिश की। इसके बाद जवाबी गोलीबारी में जेजेएमपी के तीन सदस्य मारे गए, जबकि दो भागने में सफल रहे।’’ (भाषा)


अन्य पोस्ट