ताजा खबर

आबकारी घोटाला : सीए समेत तीन गिरफ्तार
21-Jul-2025 7:04 PM
आबकारी घोटाला : सीए समेत तीन गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 21 जुलाई। आबकारी घोटाले में ईओडब्ल्यू-एसीबी ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई की है। एजेंसी ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें मनीष मिश्रा, संजय मिश्रा और अभिषेक सिंह बताए गए हैं। इन सभी को सोमवार को विशेष अदालत में पेश किया गया। जहां उन्हें 26 जुलाई तक ईओडब्ल्यू की रिमांड पर भेज दिया गया है।

पेशे से सीए संजय और मनीष सगे भाई हैं। मनीष और अभिषेक एफएल-10 का लाइसेंस मिला हुआ था, और वो नेक्स्टजेन कंपनी के नाम से शराब सप्लाई करते थे। अभिषेक, इस घोटाले में पूर्व में गिरफ्तार हो चुके अरविंद सिंह का भतीजा भी है। अरविंद, एपी त्रिपाठी के लिए काम करता था, और दिल्ली नोएडा की कंपनियों से नकली होलोग्राम बनवाता रहा है। इसके लिए गठित कंपनी में अरविंद की पत्नी संचालक रही है। ईओडब्ल्यू तीनों को विशेष कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेगी।

उल्लेखनीय है कि ईओडब्ल्यू-एसीबी ने अपनी जांच में घोटाले की राशि करीब 13 सौ करोड़ रुपए अतिरिक्त होने का जिक्र किया है। ईडी ने पहले करीब 2161 करोड़ के घोटाले का आरोप लगाया था। इस तरह कुल मिलाकर घोटाले की राशि बढक़र 35 सौ करोड़ रुपए हो गई है। शराब घोटाले के ज्यादातर आरोपी दुर्ग-भिलाई के रहने वाले हैं।

कल अदालत में पेश होंगे चैतन्य बघेल

शराब घोटाला केस में फंसे पूर्व सीएम भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल को मंगलवार को विशेष अदालत में पेश किया जाएगा। चैतन्य पांच दिनों की ईडी की रिमांड पर हैं। सूत्रों के मुताबिक चैतन्य को दोपहर करीब एक बजे विशेष अदालत में पेश किया जाएगा। कहा जा रहा है कि ईडी एक बार रिमांड की अवधि बढ़ाने की मांग कर सकती है। चैतन्य को 18 जुलाई को उनके भिलाई-3 निवास से गिरफ्तार किया गया। चैतन्य  से ईडी पहले भी पूछताछ कर चुकी है। मगर पूर्व सीएम के करीबी और घोटाले के एक अन्य आरोपी बिल्डर पप्पू बंसल के बयान के आधार पर घोटाले में संलिप्तता पर चैतन्य की गिरफ्तारी की गई।

मेरे लडक़े को रातोंरात पूरा देश जान गया-भूपेश

पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने दिल्ली में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और अन्य नेताओं से चर्चा की है। उन्होंने अपने बेटे चैतन्य पर ईडी की कार्रवाई से अवगत कराया।

मीडिया से चर्चा में एक बार फिर पूर्व सीएम ने कहा कि मोदी-शाह अडानी का कोई विरोध करे, यह बर्दाश्त नहीं कर सकते। यह मेरे लडक़े का सौभाग्य है कि प्रधानमंत्री और गृहमंत्रीजी ने उसे अपना दुश्मन बनाया। वह खेती-किसानी करता है। उसे कोई नहीं जानता था, अब पूरा देश जान गया है।


अन्य पोस्ट