ताजा खबर

खडग़े का भाजपा पर वार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 7 जुलाई। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े ने सोमवार को मोदी सरकार पर तीखे वार किए। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के पहले रायपुर से सामाजिक न्याय का जो नारा बुलंद हुआ था उसने मोदी सरकार के अहंकार को तोड़ दिया। मोदी खुद के बल पर सरकार नहीं बना पाए। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने केन्द्रीय एजेंसियों के जरिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को तंग करने का काम किया है।
साइंस कॉलेज मैदान में किसान-जवान, और संविधान जनसभा में खडग़े ने केन्द्र सरकार को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने कहा कि रायपुर में 15 हजार प्रतिनिधियों ने उनका राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में चुनाव किया, इसके लिए वो आभारी हैं। उन्होंने महाधिवेशन का जिक्र करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में पार्टी के राष्ट्रीय महाधिवेशन के दौरान छत्तीसगढ़ के लोगों को बदनाम करने की कोशिश की गई। ईडी और आईटी की कार्रवाई हुई। मगर कार्यकर्ता डरे नहीं, और मुंहतोड़ जवाब देकर अधिवेशन किया।
श्री खडग़े ने कहा कि जल, जमीन और जंगल को बचाना है, तो सबको एक रहना होगा। उन्होंने छत्तीसगढ़ की शराब नीति पर सवाल खड़े किए, और कहा कि सारी योजनाएं बंद कर दी गई, लेकिन छत्तीसगढ़ सरकार ने 67 नई शराब दूकानें खोलने का काम किया है। नकली शराब बेची जा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा के साथ मजबूती से लडऩा होगा।
इससे पहले सभा में पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि स्कूल खुल गए हैं, बच्चों को कापी-किताब नहीं मिल रहा है। प्रदेश में दस हजार स्कूल बंद हो चुके हैं। पांच हजार स्कूल मध्यप्रदेश और 27 हजार स्कूल उत्तरप्रदेश में बंद कर दिए गए हैं।
श्री बघेल ने कहा कि भाजपा के इस सरकार गरीब बच्चों को शिक्षा से वंचित करने पर आमादा है। किसानों का भविष्य बर्बाद किया जा रहा है। एक बोरा डीएपी के लिए तरसा दिए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार एक पेड़ मां के नाम अभियान चला रही है, लेकिन पूरा जंगल अडानी के नाम पर कर दिया गया है। नक्सलियों के नाम पर युवाओं को प्रताडि़त किया जा रहा है।
नेता प्रतिपक्ष डॉ.चरणदास महंत ने अपने उद्बोधन में कहा कि सीएम विष्णुदेव साय ने 13 दिसंबर को शपथ ग्रहण किया। मगर 11 दिसंबर को हसदेव बराज से पेड़ों को काट दिया गया। आका का हुक्म आया, और पेड़ कटाई हो गई। 15307 पेड़ काटे जा चुके हैं। तमनार में पेड़ कटाई का विरोध करने पर कांग्रेस विधायक को नजरबंद कर दिया गया। प्रदेश में आदिवासी सीएम के रहते उससे शर्मिंदगी हो रही है।
प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट ने कहा कि पूरे देश में लोग भाजपा से तंग आ गए हैं। हर संवैधानिक संस्थाओं को खोखला करने का काम भाजपा की सरकार कर रही है। उन्होंने भारी भीड़ पर कार्यकर्ताओं की मौजूदगी पर खुशी जताई। सभा को प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव सहित अन्य नेताओं ने संबोधित किया। बारिश के बीच सभा में अच्छी खासी भीड़ जुटी। सभा का संचालन प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री अमरजीत चावला ने किया।