ताजा खबर

खरगे क्या जय श्री राम का जयकारा लगवाएंगे -भाजपा
रायपुर, 7 जुलाई। मल्लिकार्जुन खरगे को लेकर कांग्रेस के पूर्व मंत्री अमरजीत सिंह भगत का बड़ा सामने आया है। उन्होंने खरगे की तुलना संविधान निर्माता डॉ भीमराव अम्बेडकर से की है। अमरजीत सिंह आज रायपुर में प्रस्तावित किसान जवान संविधान जनसभा को लेकर कहा कि, मल्लिकार्जुन खरगे अंबेडकर के दूसरे अवतार बनकर छत्तीसगढ़ आ रहे है। उन्होंने प्रदेश सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि, छत्तीसगढ़ में जंगल उजड़ रहे, किसान त्राहिमाम कर रहा है। स्कूलों में शिक्षक नहीं है, शिक्षा व्यवस्था गर्त में जा रही। ऐसे में जब संविधान पर खतरा मंडरा रहा है तब खड़गे अंबेडकर के दूसरे अवतार बनकर छग आ रहे है। वे दबे, कुचले, शोषित की आवाज बनकर छत्तीसगढ़ आ रहे है।
भगत ने नक्सलियों से जुड़े मुद्दे पर भी बयान दिया है। दरअसल पिछले दिनों माओवादी संगठनों ने शांति वार्ता कराने तेलंगाना सरकार को पत्र लिखा था, इस पर पूर्व मंत्री अमरजीत भगत ने कहा कि, हथियार और हिंसा एक साथ नहीं चल सकती है। सरकार भी बोल चुकी है कि, पहले हथियार डाले और बातचीत करें। उन्होंने आगे कहा कि, यह देश गांधी के शांति और वार्ता का देश है। अगर पाकिस्तान से बातचीत हो सकती है, तो इनसे क्यों नही? भगत ने साफतौर पर कहा कि, हिंसा और वार्ता एक साथ नहीं चल सकती है।
खरगे क्या जय श्री राम का जयकारा लगवाएंगे -भाजपा
रायपुर। प्रदेश भाजपा ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को ट्वीट कर पूछा है कि खड़गे जी, आप भगवान श्रीराम के ननिहाल छत्तीसगढ़ की धरती पर आए हैं, छत्तीसगढ़ की जनता आपसे पूछती है कि -
- क्या आप सनातन आस्था पर हमला करने की अपनी आदत को दरकिनार करते हुए जय श्रीराम का जयकारा लगाएंगे?
- आपके दुर्जन बेटे ने कहा, सरकार बनी तो RSS पर बैन लगेगा। क्या ये संविधान की हत्या नहीं है?
- कांग्रेस के नेताओं को सनातन से इतनी नफरत क्यों? कभी राम को काल्पनिक तो कभी हिंदू आस्था को ज़हर बताना... क्या यही आपकी कांग्रेस की सोच है?
- पूर्ववर्ती भूपेश सरकार में छत्तीसगढ़ को कांग्रेस का एटीएम बना दिया गया था। शराब घोटाला, कोयला घोटाला, खाद घोटाला, सीजीपीएससी घोटाला, ट्रांसफर उद्योग कर आपके नेताओं ने बेशुमार पैसा दिल्ली दरबार पहुंचाया है। क्या आपको भी अपना हिस्सा मिला?
- छत्तीसगढ़ कांग्रेस के कई नेता जेल में हैं। क्या भ्रष्टाचार पर आपकी चुप्पी का अर्थ यह निकाला जाए कि कांग्रेस के आका भी इसमें शामिल है ?
- बाबा साहब के संविधान की बात करने से पहले, कांग्रेस द्वारा इमरजेंसी लगाकर संविधान हत्या की गई, आप इस पर कुछ बयान देंगे।
छत्तीसगढ़ की जनता पूछ रही है – खड़गे जी, जवाब देंगे या फिर एक बार सनातन का विरोध कर चले जाएंगे?