ताजा खबर

सबसे ज्यादा हमें ही अवसर मिला, कठोर मेहनत करेंगे तो फिर सत्ता हासिल हो जाएगी
16-Aug-2022 10:18 PM
सबसे ज्यादा हमें ही अवसर मिला, कठोर मेहनत करेंगे तो फिर सत्ता हासिल हो जाएगी

जामवाल और साव ने बैठक ली, नेता प्रतिपक्ष सहित सांसद, विधायक और पूर्व मंत्रियों ने सुना

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 16 अगस्त।
भाजपा के क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल ने आज यहां क्षेत्र के पार्टी नेताओं से कहा कि छत्तीसगढ़ में सबसे ज्यादा 15 साल हमारी पार्टी को शासन करने का अवसर मिला, भविष्य में भी मिलेगा। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण साव ने कहा कि कठोर मेहनत करेंगे तो हमें अगली सरकार बनाने में सफलता निश्चित मिलेगी।

भाजपा कार्यालय में आज कार्यकर्ताओं की संभागीय स्तरीय बैठक रखी गई थी, जिसमें जामवाल और साव उपस्थित थे। जामवाल ने कहा कि लालकिले से अपने भाषण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भ्रष्टाचार और परिवारवाद के खिलाफ जनता का समर्थन मांगा है। हमें समर्थन जुटाना है। निचले स्तर के कार्यकर्ताओं को ऊपर लाना है और समाज के सभी वर्गों को जोड़कर रखना है। जामवाल ने कहा कि वे 24 घंटे कार्यकर्ताओं के लिए उपलब्ध हैं। फोन पर भी बात कर सकते हैं। आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को भारी बहुमत से सत्ता में वापस लाने के लिए सक्रिय रहें।

सांसद व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण साव ने कहा कि सभी अनुषांगिक संगठन और मोर्चा पदाधिकारी, कार्यकर्ता ईमानदारी, मेहनत और निष्ठा से काम करेंगे तो प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाने में निश्चित रूप से मदद मिलेगी।

प्रदेश महामंत्री पवन साय ने  कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे 24 अगस्त को सीएम हाउस के घेराव के कार्यक्रम में पहुंचें। यह आंदोलन बेरोजगारी व कांग्रेस की वायदा खिलाफी के विरुद्ध किया जाएगा। बैठक का संचालन प्रदेश महामंत्री भूपेंद्र सवन्नी ने किया तथा जिला अध्यक्ष रामदेव कुमावत ने आभार व्यक्त किया।

बैठक में नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, संभाग प्रभारी कृष्ण कुमार राय, सांसद गुहाराम अजगले व गोमती साय, पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल, विधायक व पूर्व मंत्री पुन्नूलाल मोहले, संगठन जिला प्रभारी मोतीलाल साहू, प्रदेश महामंत्री विधायक नारायण चंदेल, विधायक डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी, सौरभ सिंह, रजनीश सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेता, कार्यकर्ता उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट