ताजा खबर
नयी दिल्ली, 13 मई। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने केरल के मुख्यमंत्री के चयन को लेकर बुधवार को अंतिम दौर की मंत्रणा की और बृहस्पतिवार को नाम की घोषणा की जाएगी। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने यह जानकारी दी।
खरगे के आवास '10 राजा जी मार्ग" पर दोनों नेताओं के बीच आधे घंटे से भी अधिक समय तक चर्चा हुई।
बैठक के बाद कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने संवाददाताओं से कहा, "कांग्रेस विधायक दल ने नेता चुनने के लिए नेतृत्व को अधिकृत किया था। आलाकमान ने चर्चा पूरी कर ली है और फैसले के बारे में कल घोषणा की जाएगी।"
संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, पिछली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रहे वी.डी. सतीशन और वरिष्ठ नेता रमेश चेन्निथला मुख्यमंत्री पद के प्रमुख दावेदार हैं।
सात मई को कांग्रेस विधायक दल की बैठक में एक प्रस्ताव पारित कर पार्टी आलाकमान को विधायक दल के नेता के चयन के लिए अधिकृत किया गया था।
केरल में हाल में संपन्न विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) ने राज्य की कुल 140 सीट में से 102 पर जीत दर्ज की। (भाषा)


