ताजा खबर
चेन्नई, 13 मई। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने बुधवार को कहा कि उनकी सरकार “घोड़े की गति” से काम करते हुए पारदर्शी प्रशासन सुनिश्चित करेगी।
उन्होंने आश्वासन दिया कि उनकी सरकार अल्पसंख्यकों, महिलाओं, बच्चों, युवाओं, किसानों और सरकारी कर्मचारियों के अधिकारों की पुरजोर तरीके से रक्षा करेगी और धर्मनिरपेक्षता, सामाजिक न्याय, पारदर्शिता व जन कल्याण के प्रति प्रतिबद्ध रहेगी।
राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर के निर्देशानुसार विधानसभा में पेश किए गए विश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान विजय ने कहा कि उनकी सरकार “घोड़े की गति” से विकास कार्य करेगी और गुपचुप तरीके से राजनीतिक सौदेबाजी में नहीं फंसेगी।
दरअसल एएमएमके के विधायक एस. कामराज और अन्नाद्रमुक के 25 विधायकों ने विधानसभा में टीवीके सरकार का समर्थन करने की घोषणा की है, जिसके बाद नेता प्रतिपक्ष उदयनिधि स्टालिन और अन्नाद्रमुक के नेता ई. के. पलानीस्वामी ने विधायकों की खरीद-फरोख्त (हॉर्स-ट्रेडिंग) के आरोप लगाए हैं।
इन आरोपों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए विजय ने उक्त टिप्पणियां कीं।
विजय ने कहा, “यह सरकार घोड़े की गति से काम करेगी और यह हॉर्स-ट्रेडिंग में लिप्त नहीं है। पूरी गति से विकास किया जाएगा।” (भाषा)


