ताजा खबर

ईंधन बचाने की अपील के बाद पीएम मोदी ने घटाया अपना काफिला: रिपोर्ट
13-May-2026 8:41 PM
ईंधन बचाने की अपील के बाद पीएम मोदी ने घटाया अपना काफिला: रिपोर्ट

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल के घरेलू दौरों के दौरान अपने काफिले का आकार कम करने का निर्णय लिया है, जबकि विशेष सुरक्षा समूह (एसपीजी) के तहत सभी आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं यथावत रखी गई हैं. यह जानकारी समाचार एजेंसी एएनआई ने सूत्रों के हवाले से दी. सूत्रों के अनुसार, यह बदलाव उनके हैदराबाद दौरे के बाद गुजरात और असम की यात्राओं के दौरान लागू किया गया.

इसके अलावा, प्रधानमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जहां संभव हो, उनके काफिले में इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) को शामिल किया जाए, वह भी बिना किसी नई खरीद के. यह निर्णय पर्यावरण संरक्षण और ईंधन आयात पर निर्भरता कम करने की दिशा में उठाया गया कदम माना जा रहा है. यह पहल उनके नागरिकों के लिए दिए गए "सात संकल्पों" के अनुरूप है, जिनमें टिकाऊ जीवनशैली अपनाने पर जोर दिया गया है.

10 मई को सिकंदराबाद में एक सभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज के दौर में देशभक्ति का अर्थ केवल सीमा पर बलिदान देना नहीं, बल्कि रोजमर्रा के जीवन में जिम्मेदार व्यवहार अपनाना भी है. उन्होंने लोगों से पेट्रोल-डीजल का उपयोग कम करने, सार्वजनिक परिवहन और कारपूलिंग अपनाने, खाने के तेल की खपत घटाने तथा किसानों से रासायनिक उर्वरकों की जगह प्राकृतिक खेती की ओर बढ़ने की अपील की थी. (dw.com/hi)

 

 

 

 


अन्य पोस्ट