ताजा खबर
राजस्थान के जालौर में शिक्षक की कथित पिटाई से दलित बच्चे की मौत की घटना का ज़िक्र करते हुए पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार ने अपने पिता बाबू जगजीवन राम से जुड़ा एक ऐसा ही वाकया सबके सामने रखा है.
उन्होंने ट्वीट किया, "100 साल पहले मेरे पिता बाबू जगजीवन राम को स्कूल में सवर्ण हिंदुओं के लिए रखे मटके से पानी पीने से रोक दिया गया था. उनका जीवन बचना एक चमत्कार था."
मीरा कुमार ने लिखा, "आज, एक 9 साल के दलित बच्चे को इसी कारण से मार दिया गया. आज़ादी के बाद 75 बरस गुज़रने के बाद भी जाति व्यवस्था हमारी सबसे बड़ी दुश्मन है."
आरोप है कि राजस्थान के जालौर में एक दलित बच्चे की मौत निजी स्कूल के शिक्षक के पिटाई से हुई और शिक्षक ने मटके से पानी पीने के चलते बच्चे को पीटा था.
स्कूल शिक्षक की कथित पिटाई के बाद परिवार वालों ने बच्चे का अलग-अलग अस्पताल में 23 दिनों तक इलाज कराया, जिसके बाद शनिवार यानी 13 अगस्त को अहमदाबाद के एक अस्पताल में बच्चे की मौत हो गई.
बाबू जगजीवन राम को सामाजिक न्याय और समाज में हाशिए पर पड़े लोगों के सबसे बड़े मसीहा के रूप में जाना जाता है. बाबू जगजीवन राम देश के पहले दलित उप-प्रधानमंत्री बने थे. (bbc.com)


