ताजा खबर
जम्मू-कश्मीर के पहले यूपीएससी टॉपर शाह फ़ैसल राजनीति में हाथ आज़माने के बाद एक बार फिर आईएएस के रूप में नौकरी ज्वॉइन करने जा रहे हैं.
शाह फैसल को संस्कृति मंत्रालय में उप-सचिव के पद पर नियुक्ति दी गई है. सूत्रों के हवाले से इंडियन एक्सप्रेस ने लिखा है कि गुरुवार को केंद्र ने उनके मंत्रालय में नियुक्ति को मंज़ूरी दे दी है.
इससे पहले इंडियन एक्सप्रेस ने ख़बर दी थी कि गृह-मंत्रालय से मंज़ूरी मिलने के बाद शाह फ़ैसल को प्रशासनिक नौकरी में वापस ले लिया था. एक्सप्रेस ने संभावना जताई थी कि उनकी पोस्टिंग दिल्ली में होने की उम्मीद है.
साल 2010 में यूपीएससी टॉप करने वाले शाह फ़ैसल ने 9 जनवरी, 2019 को अपने पद से इस्तीफ़ा दे दिया था. इस्तीफ़े का एलान करते हुए उन्होंने कहा था कि वह किसी राजनीतिक दल में शामिल होने की योजना नहीं बना रहे हैं.
लेकिन इसके कुछ महीनों बाद फ़ैसल ने जम्मू-कश्मीर पीपुल्स मूवमेंट के नाम से अपनी राजनीतिक पार्टी शुरू की.
इसके ठीक छह महीने बाद जब वह अमेरिका जा रहे थे तभी उन्हें 14 अगस्त, 2019 को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से हिरासत में लिया गया. (bbc.com)


