ताजा खबर
प्रदेश इकाई ने प्रियंका को भेजने की वकालत की
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 28 मई। छत्तीसगढ़ की राज्यसभा की दो सीटों के लिए विचार मंथन हो रहा है। इस कड़ी में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम की शनिवार को पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात होनी है। कहा जा रहा है कि प्रदेश इकाई एक सीट से पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को राज्यसभा में भेजने के पक्ष में हैं।
दिल्ली रवाना होने से पहले मीडिया से चर्चा में कहा कि राज्यसभा के लिए नामों की सूची लेकर जा रहा हूं। बहुत से नाम हैं। उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी राज्यसभा में जाती हैं, तो उनका स्वागत है।
पार्टी के कुछ सूत्रों के मुताबिक एक सीट से प्रदेश के बाहर के किसी नेता का नाम तय किया जा सकता है। एक सीट पर स्थानीय नेता का नाम तय हो सकता है। बाहर से कई नाम चर्चा में हैं, इनमें से आनंद शर्मा, रणदीप सिंह सुरजेवाला, और राजीव शुक्ला का नाम चर्चा में है। प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया भी दौड़ में हैं।
दूसरी तरफ, स्थानीय नेताओं में खनिज निगम के अध्यक्ष गिरीश देवांगन, कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल, मुख्यमंत्री के सलाहकार विनोद वर्मा, और महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. किरणमयी नायक भी दौड़ में है। इसके अलावा खादी बोर्ड के अध्यक्ष राजेंद्र तिवारी, शैलेष नितिन त्रिवेदी के नाम की चर्चा है। सूत्र बताते हैं कि विधायक धनेंद्र साहू भी दौड़ बताए जा रहे हैं। धनेंद्र की कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष से मुलाकात हो चुकी है।
इसके अलावा कुछ अन्य संगठनों ने भी राज्यसभा सदस्य के लिए नाम सुझाए हैं। आईएमए ने चिकित्सक डॉ. राकेश गुप्ता को राज्यसभा में भेजने की वकालत की है। डॉ. गुप्ता हॉस्पिटल बोर्ड के सदस्य हैं, और वो कांग्रेस के चिकित्सा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष भी हैं। यही नहीं, अनुसूचित जाति वर्ग से पूर्व विधायक पदमा मनहर, शकुन डहरिया, और पूर्व सांसद पीआर खूटे का नाम भी चर्चा में है। शनिवार रात या रविवार को प्रत्याशी तय होने की उम्मीद जताई जा रही है।


