ताजा खबर

मध्य प्रदेश : पन्ना जिले में महिला को खदान से 2.08 कैरेट का हीरा मिला
25-May-2022 2:05 PM
मध्य प्रदेश : पन्ना जिले में महिला को खदान से 2.08 कैरेट का हीरा मिला

पन्ना (मप्र), 25 मई  मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में एक महिला को उथली खदान की खुदाई में 2.08 कैरेट का उज्ज्वल किस्म का हीरा मिलने से उसकी किस्मत चमक गई है। इस हीरे की अनुमानित कीमत 10 लाख रुपये तक आंकी जा रही है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

हीरा कार्यालय, पन्ना के अधिकारी अनुपम सिंह ने बताया कि इंटवाकला गांव की चमेली बाई को हाल में कृष्णा कल्याणपुर पटी की उथली हीरा खदान में 2.08 कैरेट का हीरा मिला। इस खदान को उसने पट्टे पर लिया था। उन्होंने बताया कि महिला ने इस हीरे को मंगलवार को यहां हीरा कार्यालय में जमा कर दिया।

सिंह ने बताया कि यह उज्ज्वल किस्म का हीरा है और इसकी अनुमानित कीमत 10 लाख रुपये तक आंकी जा रही है। उन्होंने कहा कि अब आने वाले हीरा नीलामी में इसे नीलाम किया जाएगा। नीलामी के बाद 12 प्रतिशत रॉयल्टी काटकर शेष रकम हीरा पाने वाले व्यक्ति को दे दिया जाएगा।

वहीं, हीरा पाने वाली महिला के पति अरविंद सिंह ने कहा, ‘‘हीरे की नीलामी से मिलने वाले पैसों से अब वह पन्ना में जमीन खरीद कर अपना मकान बनाएंगे।’’ (भाषा)


अन्य पोस्ट