ताजा खबर

प्रदेशभर में जेल भरने निकले भाजपाई गिरफ्तार
16-May-2022 4:13 PM
प्रदेशभर में जेल भरने निकले भाजपाई गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 16 मई।
भाजपा ने सोमवार को प्रदेशभर में जेल भरो आंदोलन किया। पार्टी के सभी प्रमुख नेताओं ने अपने-अपने इलाकों से रैली की प्रदर्शन की अगुवाई की, और गिरफ्तारियां दी। रायपुर में भी प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं की पुलिस के साथ झूमाझटकी भी हुई। भाजपाई, धरना-प्रदर्शन के पहले प्रशासन की अनुमति के आदेश का विरोध कर रहे हैं।

भाजपा नेता और कार्यकर्ता अलग-अलग चार स्थानों तेलीबांधा तालाब, आजाद चौक, फाफाडीह चौक और कालीबाड़ी चौक से एक साथ मुख्यमंत्री निवास का घेराव कूच करने निकले। रायपुर में पूर्व मंत्री व विधायक बृजमोहन अग्रवाल, पूर्व मंत्री राजेश मूणत, जिला अध्यक्ष श्रीचंद सुंदरानी, पवन साय के साथ पूर्व विधायक नंदे साहू, देवजीभाई पटेल, नवीन मारकंडेय, संजय श्रीवास्तव, छगन मूंदड़ा, अम्बिका यदु, मीनल चौबे, अमित साहू सहित भाजपा नेता और कार्यकर्ता आंदोलन में शामिल हुए। इस दौरान पुलिस के साथ कार्यकर्ताओं की झूमाझटकी भी हुई।

पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह ने राजनांदगांव में गिरफ्तारियां दी। जबकि नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, भूपेन्द्र सवन्नी सहित अन्य नेता बिलासपुर में प्रदर्शन में हिस्सा लिया। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश के सभी जिलों में जेल भरो आंदोलन कर रही हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णु देव साय जशपुर में आंदोलन में शामिल हुए, जहां भाजपा जिला अध्यक्ष रोहित कुमार साय सहित भाजपा के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में जेल गए।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में इतनी भयभीत हैं कि अपने खिलाफ उठ रही आवाज को दबाना चाहती हैं, उठ रहे जन आक्रोश को कुचलना चाहती हैं, छत्तीसगढय़ों से अभिव्यक्ति की आजादी को छीनना चाहती हैं और इसी लिए छत्तीसगढ़ में धरना प्रदर्शन आंदोलन पर रोक लगाने छत्तीसगढ़ की डरी हुई कांग्रेस सरकार द्वारा काला कानून लाकर छत्तीसगढ़ में आपातकाल की यादों को ताजा करने का कृत्य किया जा रहा हैं।

पुरंदेश्वरी को दिखाने के लिए आंदोलन-चौबे
 

कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे ने भाजपा के जेल भरो आंदोलन को असफल बताया है, और कहा कि यह आंदोलन प्रदेश प्रभारी डी पुरंदेश्वरी को दिखाने के लिए किया गया है। अनुमति अनिवार्यता का आदेश रमन सरकार ने जारी किया था।


अन्य पोस्ट