ताजा खबर
पार्टी प्रत्याशी नरेन्द्र सोनी हर राउंड में दो अंकों में ही सिमटे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 16 अप्रैल। खैरागढ़ उपचुनाव में छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस करारी हार की ओर बढ़ रही है। अब तक के चुनावी परिणाम में छजकां उम्मीदवार नरेन्द्र सोनी को 800 से ज्यादा वोट मिले हैं। चुनावी नतीजों में यह स्पष्ट दिख रहा है कि जोगी कांग्रेस उम्मीदवार अपनी जमानत बचाने से काफी दूर है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी ने चुनाव प्रचार के दौरान सत्तारूढ़ कांग्रेस पर संगीन आरोप लगाए थे। उन्होंने दावा किया था कि जोगी कांग्रेस की जीत तय है। यहां यह बता दें कि नरेन्द्र सोनी दिवंगत विधायक देवव्रत ङ्क्षसह के बहनोई हैं। नरेन्द्र की पत्नी आकांक्षा सिंह स्व. देवव्रत सिंह की छोटी बहन है। देवव्रत के निधन के खाली हुए खैरागढ़ विधानसभा में जोगी कांग्रेस ने नरेन्द्र सोनी को मैदान में उतारा था। पार्टी के आला नेताओं को उम्मीद थी कि देवव्रत के रिश्तेदार होने का लाभ वोटों में तब्दील होगा। सुबह से शुरू हुए हर राउंड में नरेन्द्र सोनी को दो अंकों में ही मत मिले हैं। अधिकतम उन्हें 13वें राउंड में 89 मत ही मिले हैं। इस तरह उन्होंने 15 राउंड में कुल 828 वोट हासिल किया है। राजनीतिक रूप से जोगी कांग्रेस की यह बड़ी हार है। जोगी कांग्रेस में रहते देवव्रत ने विपरीत परिस्थितियों में चुनाव में बाजी मारी थी। उनके आकस्मिक निधन के कारण हुए उपचुनाव में छजकां को करारी शिकस्त मिली है। ऐसे नतीजे की पार्टी को उम्मीद नहीं थी। यह तय है कि जोगी कांग्रेस अपनी जमानत बचाने लगभग नाकाम हो गई है।


