ताजा खबर

कांग्रेस का ट्रंप कार्ड 'जिला' भाजपा को 'राम' का सहारा
09-Apr-2022 4:46 PM
कांग्रेस का ट्रंप कार्ड 'जिला' भाजपा को 'राम' का सहारा

  रामनवमी पर चारों ब्लॉकों को भगवामय करने की रणनीति   
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
रायपुर/राजनांदगांव, 9 अप्रैल। 
खैरागढ़ में रविवार की शाम चुनावी शोर थम जाएगा। प्रचार  में कांगे्रस ने जिला बनाने का वादा कर चुनावी फिजा को अपने पाले में करने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है, तो दूसरी तरफ भाजपा ने प्रचार थमने से पहले रामनवमी के मौके पर पूरे इलाके में जुलूस निकालकर चुनावी माहौल को भगवामय करने की रणनीति बनाई है। दोनों ही दलों के दिग्गज नेताओं के चुनाव प्रचार में डटे रहने से मुकाबला रोचक हो गया है।

खैरागढ़ में 12 तारीख को मतदान होगा। चुनाव प्रचार रविवार की शाम थम जाएगा। इसके बाद बाहर के नेताओं को चुनाव क्षेत्र से निकलना होगा। चुनाव प्रचार के आखिरी दिनों में शराब-कपड़े बांटने की शिकायत आई है। इसके चलते खैरागढ़ के बाहरी इलाके में शनिवार की रात माहौल तनावपूर्ण हो गया था। भाजपा के विधायक नारायण चंदेल की अगुवाई में थाने पहुंच गए थे। उन्होंने मतदाताओं को प्रलोभन देने की शिकायत की है।

कांग्रेस ने जिस अंदाज में खैरागढ़ को जिला बनाने का वादा किया है, वह आम मतदाताओं की जुबान में है। सीएम भूपेश बघेल ने फेसबुक पर अपने पोस्ट में कहा कि नतीजे आने के अगले दिन यानी 17 तारीख को खैरागढ़ जिला अस्तित्व में आ जाएगा। कांग्रेस के इस वादे से भाजपा कुछ हद तक बैकफुट में आ गई है। जबकि चुनाव प्रचार शुरू होने से पहले भाजपा प्रत्याशी कोमल जंघेल को व्यक्तिगत छबि के चलते मजबूत माना जा रहा था। कोमल पिछले दो चुनाव में बहुत कम वोटों से हारे हैं, और उनके लिए कई जगहों पर लोगों में सहानुभूति भी देखने को मिली है।

कांग्रेस प्रत्याशी यशोदा वर्मा दूर-दराज के इलाके के लोग परिचित नहीं है। यही वजह है कि कांग्रेस को अतिरिक्त मेहनत करनी पड़ी है। सीएम भूपेश बघेल, और मंत्रियों ने खैरागढ़ में कैंप कर कांग्रेस के पक्ष में वातावरण बनाने में कहीं कोई कसर बाकी नहीं रखी है। वैसे तो कांग्रेस, और भाजपा समेत 10 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं, लेकिन बाकी प्रत्याशी कुछ सीमित इलाकों में ही प्रभाव छोड़ पा रहे हैं। मसलन, निर्दलीय प्रत्याशी साधु राम को किसान नेताओं का समर्थन हासिल है। इसी तरह निर्दलीय संतोषी प्रधान, और दिवंगत विधायक देवव्रत सिंह के बहनोई जनता कांग्रेस के प्रत्याशी नरेंद्र सोनी भी वोट कटवा की ही भूमिका में दिख रहे हैं।

दूसरी तरफ, भाजपा ने कांग्रेस के जिला बनाने के वादे की काट के रूप में खैरागढ़  इलाके को भगवामय बनाने के लिए राम नवमी के मौके पर जुलूस निकालने की तैयारी की है। यह जुलूस खैरागढ़ के चारों ब्लॉक में निकलेगा, और धार्मिक संगठनों के जुलूस को भाजपा का भी सहयोग रहेगा। प्रचार के आखिरी क्षण में रविवार को भाजपा राम मंदिर कार्ड खेलकर चुनावी माहौल को अपने पक्ष में करने की योजना बनाई है। इसका कितना फायदा होगा, यह तो चुनाव नतीजे आने के बाद ही पता चलेगा। मगर हार और जीत का अंतर कम वोटों से होने का अनुमान लगाया जा रहा है।
 

 


अन्य पोस्ट