ताजा खबर

‘कुट्टू’ से बना भोजन करने के बाद हरियाणा में 70 लोग बीमार पड़े
03-Apr-2022 9:13 PM
‘कुट्टू’ से बना भोजन करने के बाद हरियाणा में 70 लोग बीमार पड़े

अम्बाला/यमुनानगर, तीन अप्रैल । हरियाणा के अम्बाला और यमुनानगर जिलों में कुट्टू के आटे से बनी खाद्य सामग्री खाने के बाद 70 से अधिक लोग बीमार पड़ गए।

नवरात्रि उत्सव में व्रत के दौरान आम तौर पर कुट्टू से बना भोजन किया जाता है। नवरात्रि उत्सव शनिवार से शुरू हुआ था।

अधिकारियों ने बताया कि शनिवार को कुट्टू से बनी चपाती खाने के बाद अम्बाला में करीब 50 लोग बीमार पड़ गए। उन्होंने कहा कि इन सभी लोगों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया और उनकी हालत स्थिर बताई जाती है।

अस्पताल के सूत्रों ने कहा कि बीमार पड़े लोगों ने मिलावटी कुट्टू खाया होगा।

अम्बाला खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजीव कुमार ने बताया कि उन्हें इस संबंध में शनिवार रात सूचना मिली।

अधिकारियों ने कहा कि अम्बाला छावनी और शहर से इस प्रकार के मामलों की सूचना मिली है।

उनके अनुसार, सिविल अस्पताल में भर्ती एक मरीज ने बताया कि उसने अम्बाला छावनी के कच्चा बाजार में किराने की एक दुकान से आटा खरीदा था।

मरीजों से जानकारी लेने के बाद खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने कई दुकानों पर छापा मारा और ‘कुट्टू’ के आटे तथा आम तौर पर नवरात्रि के दौरान इस्तेमाल होने वाले अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र किए।

कुमार ने बताया कि सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य की प्रयोगशाला में भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट में जिन दुकानदारों की दुकान का ‘कुट्टू’ का आटा मिलावटी पाया जाएगा, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, राज्य के यमुनानगर जिले में कुट्टू के आटे से बनी रोटी खाने से 20 से अधिक लोग बीमार पड़ गए। अधिकारियों ने बताया कि इन लोगों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

अधिकारियों के अनुसार, यमुनानगर के कुछ मरीजों ने बताया कि उन्होंने शनिवार को कुट्टू से बनी चपाती खाई थीं, जिसके बाद वे बीमार पड़ गए।(भाषा)


अन्य पोस्ट