ताजा खबर

देखें VIDEO : दल से अलग होकर घूम रहा बीमार हाथी
24-Mar-2022 1:22 PM
देखें VIDEO :   दल से अलग होकर घूम रहा बीमार हाथी

  वनकर्मी हड़ताल पर, चौकीदार की निगरानी में   
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नगरी, 24 मार्च।
उदन्ती-सीतानदी अभ्यारण के अरसीकन्हार वन परिक्षेत्र  में पांच दिनों से एक बीमार हाथी अपने दल से अलग होकर विचरण कर रहा है। वनकर्मियों की हड़ताल के चलते चौकीदार उसकी निगरानी कर रहा है।

बताया जाता है कि धमतरी जिले के नगरी ब्लॉक के रिजर्व फारेस्ट में आज लगभग दो माह से 35 हाथियों का दल अपने शावकों के साथ जंगलों में आराम से विचरण कर रहा है।
स्थानीय पत्रकारों को जानकारी मिली कि एक हाथी बीमार अवस्था में अपने दल से अलग है। कल पत्रकारों की टीम जंगल पहुंच कर अरसीकन्हार वन परिक्षेत्र के कक्ष क्र. 206  में देखा कि एक वन चौकीदार बीमार हाथी के निगरानी कर रहा है। हाथी को लगभग 200 मीटर की दूरी से देखा गया,  जहां अकेला  हाथी सुस्त खड़ा था।

 वन चौकीदार ने  बताया कि हाथी गर्भवती है और ऐसा लगता है कि बच्चे देने का समय आ गया है। प्रसव पीड़ा की वजह से चल नहीं पा रही है, जो यही नदी में पानी के आसपास ही विचरण कर आराम कर रही है। वहीं वन चौकीदर से पूछा कि आप कैसे कह सकते हो वो गर्भवती है जांच किये हो, तो कहने लगे-अंदाजा बता रहे हंै, मादा हाथी  होने के चलते गर्भवती हो। इनके साथी हाथियों का दल दो तीन दिन में आते है और देखकर फिर चले जाते हैं।
  

  वन कर्मी हड़ताल पर, चौकीदारों के सहारे हाथी
 वन विभाग के कर्मचारी हड़ताल पर हैं, जिसके चलते अब हाथियों की निगरानी चौकीदार- फायर वाचर कर रहे हैं, वहीं बुधवार को चार चौकीदार बीमार हाथी के पास मौजूद रहे तो वहीं आठ चौकीदार कक्ष क्रमांक 223 में 35 हाथियों की निगरानी कर रहे थे।
 

  कभी भी हो सकती है घटना
गर्मी के चलते जंगलों में आगजनी की घटनाएं आम हो गई है व जंगलों में महुआ बिनने भी काफी संख्या में ग्रामीण जंगल की ओर आते हैं। हाथियों का मनपसंद भोजन महुआ है ऐसे में आगजनी व महुआ के चलते कोई अप्रिय घटना की से भी इंकार नहीं किया जा सकता है।
इस संबंध में वरुण जैन उप निदेशक सीतानदी अभ्यारण गरियाबंद का कहना है कि हाथियों का दल जंगल में विचरण कर रहा है, अगर कोई हाथी बीमार या अस्वस्थ है, उन्हें कोई तकलीफ है तो डॉक्टर को भेज कर जांच करवाते हैं। हाथियों की निगरानी में ट्रेकिंग दल लगा हुआ है, जो हर पल की जानकारी अपने उच्चाधिकारियों को  देते हैं।

 

 


अन्य पोस्ट