ताजा खबर

टंगिया से वार कर पत्नी की हत्या
24-Mar-2022 12:32 PM
टंगिया से वार कर पत्नी की हत्या

मेडिकल कॉलेज के द्वार पर तोड़ा दम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 24 मार्च।
घुमका इलाके में गुरुवार को एक व्यक्ति ने टंगिया से वार कर अपनी पत्नी की हत्या कर दी। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात के पीछे पति का पत्नी के चरित्र पर शक करना असल वजह के रूप में सामने आया है। काफी समय से शंकालू मिजाज होने के चलते पत्नी अपने पति से परेशान थी। बुधवार देर शाम को पत्नी और पति के बीच फिर से शक के चलते विवाद हो गया। रात को पति ने मृतिका की जमकर पिटाई भी की थी।

मिली जानकारी के मुताबिक घुमका इलाके के डुडिया गांव में 35 साल की चमेली साहू की उसके पति रिखीराम साहू ने टंगिया से हमला कर दिया। पति ने महिला के गाल और सिर पर लगभग 3 बार प्रहार किया। जिससे वह बुरी तरह से जख्मी हो गई। घायल हालत में उसे राजनंादगांव मेडिकल कॉलेज लाया गया। अस्पताल के मुख्य द्वार पर महिला ने दम तोड़ दिया।  इस घटना के बाद पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।

थाना प्रभारी शशिकांत सिन्हा ने ‘छत्तीसगढ़’  को बताया कि आरोपी अपनी पत्नी पर हमेशा शक के चलते वाद-विवाद करता था। इसी के चलते उसने हत्या की घटना को अंजाम दिया। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस को मृतिका के बच्चों के हवाले से यह भी जानकारी मिली है कि रात को हाथापाई करने के बाद आरोपी सो गया और गुरुवार तडक़े महिला पर टंगिये से हमला कर दिया। फिलहाल पुलिस मर्ग कायम कर मामले को विवेचना में लिया है।


अन्य पोस्ट