ताजा खबर
एस एस पी के आश्वासन बाद खत्म हुआ आंदोलन
बिलासपुर, 9 मार्च। मुख्यमंत्री के बिलासपुर प्रवास के दिन 25 फरवरी को हुई नाबालिग नवीन महादेव की हत्या के मुख्य आरोपी को बचाने का आरोप लगाते हुए लोगों ने सिविल लाइन थाने के सामने विरोध प्रदर्शन करते हुए 2 घंटे तक चक्का जाम कर दिया। एसएसपी के समझाने पर उन्होंने अपना आंदोलन समाप्त किया।
ज्ञात हो कि समता कॉलोनी गार्डन में नाबालिग नवीन महादेवा की हत्या की गई थी और उसके साथ खड़े उदय चक्रवर्ती को घायल कर दिया गया था। पुलिस ने इसे आपसी लड़ाई झगड़ा बताया है। मामले में 5 नाबालिगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। इधर नवीन महादेव के पिता ने विधायक शैलेश पांडे तथा अधिकारियों को शिकायत की थी कि हमले का मुख्य साजिशकर्ता को गिरफ्तार नहीं किया जा रहा है। पुलिस ने उसे आरोपी भी नहीं बनाया है।
मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सर्व हिंदू समाज के सदस्य बड़ी संख्या में सिविल लाइन थाना पहुंचे और उन्होंने चक्का जाम कर दिया। चक्का जाम करने के कारण सत्यम चौक से भीड़ को डायवर्ट करना पड़ा। सिविल लाइन पुलिस ने धरना खत्म कराने की कोशिश की लेकिन वह किसी उच्चाधिकारी से आश्वासन चाहते थे। इसके बाद वहां एसएसपी पारुल माथुर पहुंची। उन्होंने प्रदर्शन कर रहे लोगों को आश्वस्त किया कि मामले की पूरी निष्पक्षता से जांच की जा रही है इसमें जो भी आरोपी और सामने आएंगे उनके विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद धरना समाप्त हुआ।


