ताजा खबर
कई नक्सलियों के मारे जाने का दावा
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
कांकेर, 18 फरवरी। जिले के धुर नक्सल प्रभावित ताड़ोकी इलाके में बीती रात पुलिस और नक्सलियों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई। लगभग एक घंटे तक दोनों तरफ से भारी गोलीबारी हुई, जिसमें कई नक्सलियों के मारे जाने का दावा पुलिस ने किया है। एसपी शलभ सिन्हा ने घटना की पुष्टि की है।
कोसरोंडा के जंगलों में बड़ी संख्या में नक्सलियों की मौजूदगी की खबर पुलिस को लगी थी। जिसके बाद डीआरजी और एसएसबी की संयुक्त पार्टी सर्च ऑपरेशन पर निकली थी। रात करीब 1 बजे जवानों का नक्सलियों से आमना-सामना हुआ। दोनों ओर से जबरदस्त फायरिंग हुई। घंटेभर चली फायरिंग के बाद नक्सली इलाके से भाग निकले।
घना जंगल होने के कारण रात में सर्च ऑपरेशन खतरनाक हो सकता था, जिसके चलते सुबह जवानों ने घटना स्थल की जांच की, जिसमें कई जगहों पर खून के धब्बे मिले हैं। शवों को खींचकर ले जाने के निशान भी हैं, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि कई नक्सली मुठभेड़ में मारे गए हैं।


