ताजा खबर
रायपुर, 22 जनवरी। प्रदेश के मौसम में एक बार फिर बदलाव देखने को मिल रहा है। रविवार की सुबह राजधानी के कुछ इलाकों में बारिश हुई। इससे तापमान में बड़ी गिरावट आई है। इस वजह सुबह आठ बजे तक सूरज के भी दर्शन नहीं हुए।जिसके चलते सूर्य नमस्कार योग करने वालो को दिक्कत हुई। मौसम वैज्ञानिकों की माने तो राज्य के चार संभागों के कुछ जिलों में ओला गिरने की संभावना बन रही है। मौसम जानकारों का कहना है कि अगले 48 घंटे में सरगुजा, बिलासपुर संभागों और उससे लगे रायपुर-दुर्ग संभाग के जिलों के लिए अलर्ट जारी की है। चेतावनी में प्रशासन को सावधान और अपडेट रहने को कहा गया है।
बता दें कि मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार शाम से ही सरगुजा-बिलासपुर संभागों में मौसम बदल जाएगा। 23 जनवरी को प्रदेश के सरगुजा और बिलासपुर संभाग के जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है। यहां एक-दो स्थानों में गरज चमक के साथ ओला गिरने की भी संभावना है। दुर्ग और रायपुर संभाग के उत्तर में स्थित जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की सम्भावना है। बिलासपुर से लगे रायपुर-दुर्ग के जिलों में एक-दो स्थानों पर ओला गिरने की भी आशंका जताई जा रही है। दुर्ग और रायपुर संभाग के शेष भाग और बस्तर संभाग के उत्तर भाग में एक दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पड़ सकती हैं। मौसम विभाग ने 24 जनवरी को भी सरगुजा संभाग और उससे लगे जिलों में तथा बस्तर संभाग के जिलों में हल्की वर्षा होने की सम्भावना जताई है।


