कोरबा
पेड़ों तले रात गुजारने को ग्रामीण मजबूर
कोरबा, 14 फरवरी। कटघोरा वन मंडल के पोड़ी उपरोड़ा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत कटोरी नागोई के आश्रित गांव धोबीबारी में बीते पांच–छह दिनों से करीब 50 जंगली हाथियों का झुंड आतंक मचा रहा है। हालात ऐसे हैं कि करीब 10 परिवारों के कच्चे घर टूट चुके हैं और लोग जंगल में पेड़ों के नीचे शरण लेने को मजबूर हैं। ग्रामीणों के मुताबिक पिछले दो हफ्तों से हाथियों की आवाजाही बढ़ी है। रोजाना शाम करीब 4 बजे झुंड गांव की ओर बढ़ता है और तोडफ़ोड़ शुरू कर देता है। 11 फरवरी को हाथियों ने तीन बकरियों और एक गाय को मार डाला। जान बचाने के लिए गांववालों को दूर तक भागना पड़ा, तब कहीं जाकर झुंड गांव से निकला। सुनील पांडेय, जगदेव पांडेव और बंधन धोबी ने बताया कि हाथियों ने खेतों की फसल रौंद दी और मवेशियों को नुकसान पहुंचाया। इतना ही नहीं, सार्वजनिक वितरण प्रणाली का रखा अनाज भी खा गए। इससे गांव में खाद्यान्न संकट गहरा गया है। पांडा, राजवार, गोंड और धोबी समाज के परिवार सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। ग्रामीणों का कहना है कि वन विभाग की कार्रवाई नाकाफी है। न तो हाथियों को गांव से दूर भगाया जा रहा है और न ही लोगों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम हैं। ग्रामीणों ने चिंता जताई है कि अगर जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए तो हालात और बिगड़ सकते हैं, यहां तक कि जनहानि का खतरा भी बढ़ सकता है।


