कोण्डागांव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
फरसगांव, 22 मई। टूलकिट मामले में भाजपा मंडल फरसगांव में भाजपाईयों ने धरना प्रदर्शन किया।
भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य प्रवीर सिंह बदेशा, जिला भाजपा के महामंत्री तरुण साना, नपं अध्यक्ष गणेश दुग्गा, युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष प्रशांत पात्र मण्डल फरसगांव के अध्यक्ष विश्वनाथ सिकदार, किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष मनीराम मण्डावी ने कहा कि राज्य की कांग्रेस सरकार किसानों के साथ धोखा कर रही है। गंगाजल की कसम खाकर झूठ बोलने वाली सरकार किसानों के धान का पूरा पैसा नहीं दे रही है और राजीव गांधी किसान न्याय योजना का ढोल पिटने वाली कांग्रेस की सरकार किसानों के धान के पैसे को एक साथ न देकर किस्तों में देकर परेशान कर रही है। शराबबंदी की कसम खाने वाली सरकार घर-घर गली-गली शराब पहुंचाकर प्रदेश के युवाओं को नशे का आदी बनाकर प्रदेश को गर्त में धकेल रही है।
भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता पदाधिकारी जनप्रतिनिधि कांग्रेस की सरकार की गलत नीतियों का विरोध करते हैं।
आगो कहा कि भाजपा और देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को और विश्व में भारत की छवि को खराब करने के लिए कांगे्रस झूठी टूलकिट बनाकर भ्रम फैला रही है, जिसका खुलासा भाजपा के नेताओं ने किया। अपनी नाक बचाने के लिए झूठे एफआईआर दर्ज कर रही है। हम सब कार्यकर्ता इसका विरोध करते है हमारे राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के खिलाफ झूठा एफआईआर दर्ज किया। प्रदेश के समस्त कार्यकर्ता इसका विरोध करते हंै।