कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 31 दिसंबर। जिला मुख्यालय के एनसीसी ग्राउंड में ग्राम पंचायत सचिवों के साथ ग्राम रोजगार सहायक भी 30 दिसंबर से हड़ताल पर हैं। रोजगार सहायक संघ ने कहा कि ग्राम पंचायत सचिव के साथ मांग पूरी होने तक संघर्ष जारी रहेगा।
ग्राम पंचायत सचिव संघ के कार्यकारी जिलाध्यक्ष सैतपाल पटेल ने कहा कि, जब भी हमारा प्रतिनिधि मंडल सरकार से अपनी मांग के संबंध में गुहार लगाता है, तब शासन द्वारा वित्तीय कमी की बात की जाती है। जब लाखों की संख्या में कार्यरत शिक्षाकर्मी साथियों को शासकीयकरण किया गया, तब आर्थिक समस्या नहीं हुई। शासन चाहे जिसकी भी रही हो, हर समय ग्राम पंचायत सचिव छला गया है। हम सम्मानजनक वेतन शासकीयकरण की मांग कर रहे हैं. हमारा आंदोलन जब तक मांगे पूरी नहीं होती जारी रहेगी।
साथ ही ग्राम रोजगार सहायक संघ जिला कोण्डागांव के जिलाध्यक्ष ईश्वरदयाल ठाकुर ने कहा कि हम मनरेगा में लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं व ग्राम पंचायत के कार्य में सहयोग करते हैं। किंतु 2006 से अब तक शासन द्वारा सम्मानजनक वेतनमान एवं ग्रेड -पे का निर्धारण नहीं किया गया है, जिससे नाराज हैं. हमारे द्वारा ग्राम पंचायत सचिव के साथ मांग पूरी होने तक संघर्ष जारी रहेगा।
छठवें दिन की हड़ताल पर ग्राम पंचायत सचिव संघ की कार्यकारिणी जिला अध्यक्ष सैतपाल पटेल, कोषाध्यक्ष सदाबृज दीवान, ब्लॉक अध्यक्ष समंदु राम नेताम, जिला उपाध्यक्ष कुलनाथ कश्यप, रोजगार सहायक संघ के जिला अध्यक्ष ईश्वर दयाल ठाकुर, ब्लॉक अध्यक्ष प्रेम सिंह बघेल, उपाध्यक्ष दुर्गेश्वरी नेताम, सचिव सुखचंद नेताम, एवं जनपद पंचायत कोण्डागांव के सभी ग्राम पंचायत सचिव एवं रोजगार सहायक उपस्थित थे।


