कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 22 नवंबर। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) जिला परिषद कोंडागांव के जिला सचिव एवं अन्य सदस्यों ने 17 नवंबर को कलेक्टर कार्यालय में दो ज्ञापन सौंपे। ये ज्ञापन राष्ट्रपति, राज्यपाल और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री को संबोधित करते हुए जिला कलेक्टर को दिए गए हैं।
ज्ञापन में कहा गया है कि जिले के कई ग्रामों में खरीफ फसल की गिरदावरी नहीं होने, वनाधिकार पट्टाधारी किसानों का धान विक्रय के लिए पंजीयन न होने तथा रकबा में त्रुटि होने जैसी समस्याएं आ रही हैं। पार्टी ने मांग की है कि कोई भी पंजीकृत किसान धान बेचने से वंचित न रहे, इसके लिए गिरदावरी और एग्रीटेक जैसी प्रक्रियाएं समय सीमा में पूरी की जाएं। पूर्व में 3 नवंबर को भी इस संबंध में ज्ञापन सौंपा गया था।
सीपीआई और अखिल भारतीय किसान सभा ने दूसरे ज्ञापन के माध्यम से राजस्व पटवारी संघ छत्तीसगढ़ (जिला इकाई कोंडागांव) की मांगों को पूरा करने की मांग की है।
पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि यदि ज्ञापन में उठाए गए विषयों पर प्रशासन द्वारा लिए गए निर्णय की जानकारी जल्द नहीं दी गई, तो संगठन द्वारा आंदोलन किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त, सीपीआई के सदस्यों ने राजस्व पटवारी संघ के आंदोलन स्थल पहुंचकर संघ से अनिश्चितकालीन आंदोलन को स्थगित करने का अनुरोध किया है और मांगों के समर्थन में सहयोग देने की बात कही है।