कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 22 नवंबर। थाना उरंदाबेड़ा पुलिस ने साप्ताहिक बाजार में सहयोग चौपाल एवं चलित थाना के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न अपराधों से बचाव और कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के मार्गदर्शन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम का नेतृत्व थाना प्रभारी अखिलेश धीवर ने किया।
कार्यक्रम में बाजार पहुंचे ग्रामीणों, व्यापारियों, महिलाओं और युवाओं को साइबर अपराध, यातायात नियम, नशामुक्ति, नए आपराधिक कानूनों तथा महिला एवं बाल सुरक्षा से संबंधित विषयों की जानकारी दी गई।
साइबर ठगी से बचाव की जानकारी
पुलिसकर्मियों ने ऑनलाइन ठगी, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी कॉल, यूपीआई और अन्य डिजिटल माध्यमों से होने वाली धोखाधड़ी के बारे में बताया। साइबर अपराध का शिकार होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई।
यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश
ग्रामीणों को दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, शराब पीकर वाहन नहीं चलाने और निर्धारित गति सीमा का पालन करने की जानकारी दी गई।
नशे के दुष्प्रभाव बताए
पुलिस ने शराब एवं अन्य मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, पारिवारिक और सामाजिक नुकसान के बारे में बताया। ग्रामीणों से नशे से दूर रहने की अपील की गई।
नए आपराधिक कानूनों की जानकारी दी
कार्यक्रम में भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी दी गई। साथ ही पुलिस से सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में बताया गया।
महिला एवं बाल सुरक्षा पर चर्चा
महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध अपराध, घरेलू हिंसा, बाल विवाह, बाल शोषण तथा साइबर बुलिंग से संबंधित विषयों पर जानकारी दी गई। ऐसी घटनाओं की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।
पुलिस ने बताया कि सहयोग चौपाल और चलित थाना का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याएं सुनना, उन्हें पुलिस सेवाओं से जोडऩा और अपराधों की रोकथाम में जनसहभागिता बढ़ाना है। इस दौरान ग्रामीणों से अपने क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों, अवैध नशे के कारोबार तथा अन्य आपराधिक घटनाओं की जानकारी नजदीकी थाने में देने की अपील की गई। पुलिस के अनुसार, ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम आगे भी आयोजित किए जाएंगे।