कोण्डागांव

हडेली में स्वास्थ्य शिविर आयोजित
22-Nov-2026 8:49 PM
हडेली में स्वास्थ्य शिविर आयोजित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 22 नवंबर। कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना के निर्देश और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.के. चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में जिले के मलेरिया प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 19 नवंबर को मर्दापाल सेक्टर के ग्राम हडेली में स्वास्थ्य विभाग, मितानिन और ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (टीसीआई) फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। शिविर में स्थानीय सिरहा, गुनिया व गणमान्य नागरिकों का सम्मान किया गया।

शिविर में 110 नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिनमें बीपी, शुगर और एचबी की जांच शामिल थी। जांच के दौरान 10 मलेरिया सकारात्मक मरीज पाए गए, जिन्हें मौके पर ही दवा दी गई और तीन दिन तक नियमित दवा का सेवन करने की सलाह दी गई।

विकासखंड प्रबंधक नीरज सोरी और मलेरिया सुपरवाइजर हीना सेठिया ने बताया कि मलेरिया प्रभावित क्षेत्रों में साप्ताहिक रिपोर्ट के आधार पर रैपिड फीवर सर्वे, मरीजों के फॉलोअप तथा स्कूल, आश्रम और छात्रावासों में नियमित स्वास्थ्य जांच की जा रही है।

ग्रामीणों को घरों के आसपास पानी जमा न होने देने, मच्छरदानी का उपयोग करने, कीटनाशी का छिडक़ाव कराने तथा बुखार या लक्षण दिखने पर मितानिन या स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने की जानकारी दी गई।

इस दौरान सेक्टर प्रभारी डॉ. मोहन्द्र, डॉ. ज्योति दुग्गा, सुपरवाइजर पिलाराम कोर्राम, टीसीआई फाउंडेशन के जिला समन्वयक भूपेंद्र देवांगन, ब्लॉक समन्वयक ईश्वर नायक, अरविंद कुंवर, हीरालाल कोर्राम, हेमलाल दीवान, मितानिन और ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट