कोण्डागांव

उड़ान महिला प्रोड्यूसर कंपनी में प्रशिक्षण केंद्र और गौशाला का शुभारंभ
21-Nov-2026 11:15 PM
उड़ान महिला प्रोड्यूसर कंपनी में प्रशिक्षण केंद्र और गौशाला का शुभारंभ

महिलाओं के लिए आजीविका और उद्यमिता का बनेगा एक बेहतर केंद्र- लता उसेंडी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 21 नवंबर। जिला प्रशासन द्वारा एनएमडीसी के सहयोग से उड़ान महिला प्रोड्यूसर कंपनी परिसर में नवनिर्मित प्रशिक्षण केंद्र, दुग्ध उत्पादन शेड (गौशाला) एवं किड्स प्ले जोन का शुभारंभ गुरुवार को बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोंडागांव विधायक लता उसेंडी ने किया। इस पहल से स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को आवासीय सुविधा के साथ विभिन्न आजीविका गतिविधियों का प्रशिक्षण प्राप्त करने और स्वरोजगार के नए अवसर विकसित करने में सहायता मिलेगी।

इस अवसर पर विधायक लता उसेंडी ने कहा कि महिलाओं की आर्थिक मजबूती समाज और देश के समग्र विकास के लिए बेहद जरूरी है। जब महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर होती हैं, तो वे अपने परिवार के साथ-साथ समाज और क्षेत्र के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान देती हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लखपति दीदी और ड्रोन दीदी जैसे अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं का लाभ लेकर महिलाएं निरंतर आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं को मिलने वाली आर्थिक सहायता राशि छोटी हो सकती है, लेकिन इससे उनमें आत्मसम्मान और आत्मनिर्भरता का भाव मजबूत होता है।

उन्होंने उड़ान महिला प्रोड्यूसर कंपनी परिसर में विकसित सुविधाओं की सराहना करते हुए कहा कि यह परिसर महिलाओं के लिए आजीविका और उद्यमिता का एक बेहतर केंद्र बनेगा। यहां संचालित गतिविधियों और उत्पादों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की आवश्यकता है, ताकि स्थानीय स्तर पर महिलाओं को रोजगार के अवसर मिल सकें। उन्होंने कहा कि कृषि, उद्यानिकी, डेयरी एवं अन्य आजीविका गतिविधियों के माध्यम से कम भूमि में भी बेहतर उत्पादन और आय अर्जित की जा सकती है।

कोंडागांव जिले में महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए गारमेंट्स फैक्ट्री सहित विभिन्न पहल की जा रही हैं।

सुश्री उसेंडी ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए महिलाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक स्थिति को मजबूत करना आवश्यक है। इसमें समाज के हर वर्ग  की सहभागिता जरूरी है। शासन और प्रशासन के आपसी समन्वय एवं बेहतर तालमेल से ही विकास कार्यों के सकारात्मक परिणाम सामने आते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में कोंडागांव जिले में महिला सशक्तिकरण और आजीविका के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयास अन्य जिलों के लिए भी प्रेरणादायी उदाहरण बनेंगे।

कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने बताया कि उड़ान महिला प्रोड्यूसर कंपनी को पहले से आवंटित परिसर के पिछले हिस्से में विभिन्न सुविधाओं का विकास किया गया है। नवनिर्मित प्रशिक्षण केंद्र में प्रशिक्षण लेने आने वाली महिलाओं के लिए ठहरने की व्यवस्था की गई है। पूर्व में दो से तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रमों के दौरान महिलाओं को आवास के लिए अन्य भवनों पर निर्भर रहना पड़ता था। अब उन्हें सुरक्षित आवास, बेहतर वॉशरूम एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध होंगी। साथ ही परिसर में आने वाले पर्यटकों एवं अन्य आगंतुकों के ठहरने की व्यवस्था से भी महिला समूहों को आय प्राप्त होगी।

उन्होंने बताया कि दुग्ध उत्पादन शेड के माध्यम से डेयरी गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा। यहां आम नागरिकों को अपनी आंखों के सामने शुद्ध दूध, पनीर एवं घी तैयार करवाने की सुविधा भी मिलेगी। इन सभी परियोजनाओं का उद्देश्य महिलाओं के लिए आजीविका के विविध साधन विकसित करना और परिसर को एक बहुउद्देशीय आजीविका एवं प्रशिक्षण केंद्र के रूप में विकसित करना है।

उल्लेखनीय है कि उड़ान महिला प्रोड्यूसर कंपनी परिसर में स्व-सहायता समूह की महिलाओं के लिए प्रशिक्षण केंद्र निर्माण हेतु 12.69 लाख रुपये, दुग्ध उत्पादन हेतु शेड निर्माण के लिए 15.85 लाख रुपये तथा किड्स प्ले जोन निर्माण के लिए 3.12 लाख रुपये की लागत से कार्य पूर्ण किए गए हैं। किड्स प्ले जोन के माध्यम से परिसर में आने वाली महिलाओं के बच्चों को खेलने के लिए सुरक्षित स्थान उपलब्ध होगा। इससे महिलाएं प्रशिक्षण एवं आजीविका संबंधी गतिविधियों में अधिक सहजता से भाग ले सकेंगी।

कार्यक्रम में पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रेम सिंह नाग, बाल सिंह बघेल, सोनामणि पोयाम, जिला पंचायत सीईओ  अविनाश भोई, एनआरएलएम के डीएमएम विनय सिंह, डीपीएम दुर्योधन मेघ, श्री सिन्हा, उड़ान के नोडल टिकेंद्र हिरवानी, विकासखण्ड प्रबंधक फागुराम साहु,  राधे साहू सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में बिहान स्व-सहायता समूह की महिलाएं उपस्थित रहीं।


अन्य पोस्ट