कोण्डागांव

एकादशी पर धूमधाम से निकली शालिग्राम की बारात
21-Nov-2026 11:12 PM
एकादशी पर धूमधाम से निकली शालिग्राम की बारात

 वैदिक रीति-रिवाजों से हुआ तुलसी माता का विवाह

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 21 नवंबर। कार्तिक शुक्ल एकादशी के अवसर पर शुक्रवार को जिला मुख्यालय के बाजारपारा स्थित तुलसी विवाह स्थल में तुलसी-शालिग्राम विवाह उत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। सार्वजनिक तुलसी विवाह समिति की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में विवाह की सभी पारंपरिक रस्में निभाई गईं।

 सगाई, फलदान, मंडपाच्छादन, चुलमाटी, हल्दी, बारात, बारात परघाना, लग्न, पाणिग्रहण और विदाई सहित विवाह की विभिन्न रस्में पूरे रीति-रिवाज के साथ संपन्न कराई गईं।

शुक्रवार शाम भगवान शालिग्राम की बारात विवाह स्थल से धूमधाम के साथ निकली। बाराती नगर भ्रमण करते हुए शीतला माता मंदिर पहुंचे, जहां तुलसी माता विराजमान थीं। यहां परंपरानुसार बारात का स्वागत किया गया और तुलसी माता को विवाह के लिए विदा कर शालिग्राम जी के साथ विवाह स्थल लाया गया। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ तुलसी-शालिग्राम का विवाह संपन्न हुआ। आयोजन में कोण्डागांव विधायक लता उसेंडी, पार्षद सोनमणी पोयाम सहित बड़ी संख्या में नगरवासी शामिल हुए।

विधायक लता उसेंडी ने कहा कि कोण्डागांव में कई वर्षों से लगातार तुलसी विवाह का आयोजन किया जा रहा है। नगरवासी पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ इस उत्सव में उत्साहपूर्वक शामिल होते हैं। उन्होंने तुलसी माता से नगर में सुख, शांति और समृद्धि बनाए रखने तथा कोण्डागांव की निरंतर प्रगति की कामना की। वहीं शीतलेश्वर महादेव मंदिर के पुजारी पंडित वीरेंद्र शर्मा ने बताया कि तुलसी-शालिग्राम विवाह के साथ ही हिंदू धर्म में विवाह और अन्य मांगलिक कार्यों की शुरुआत मानी जाती है। 

इसी मान्यता के अनुसार प्रतिवर्ष तेल-हल्दी से लेकर बारात और विवाह तक की सभी रस्में पारंपरिक तरीके से निभाई जाती हैं।


अन्य पोस्ट