कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 19 नवंबर। नारायणपुर विधानसभा क्षेत्र के मर्दापाल में शनिवार को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस दौरान उनके व्यक्तित्व, कृतित्व और जनजातीय समाज के लिए किए गए संघर्ष को याद किया गया।
वक्ताओं ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अंग्रेजी हुकूमत के शोषण, अत्याचार और अन्याय के खिलाफ जनजातीय समाज को संगठित कर संघर्ष का नेतृत्व किया। उन्होंने आदिवासी समाज को अपने अधिकारों, संस्कृति, परंपराओं तथा जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए जागरूक किया।
भगवान बिरसा मुंडा के नेतृत्व में हुआ ऐतिहासिक उलगुलान आंदोलन अंग्रेजी शासन की शोषणकारी व्यवस्था के खिलाफ जनजातीय समाज के बड़े प्रतिरोध के रूप में सामने आया।
कम उम्र में ही उन्होंने अपने साहस, नेतृत्व क्षमता और संघर्षशील व्यक्तित्व से इतिहास में अमिट स्थान बनाया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि बिरसा मुंडा का जीवन आज भी युवाओं और जनजातीय समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।
उनके विचारों और संघर्ष को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।