कोण्डागांव

2 दिनी बस्तर ओलंपिक, 1340 खिलाड़ी ले रहे हिस्सा
18-Nov-2026 9:45 PM
 2 दिनी बस्तर ओलंपिक, 1340 खिलाड़ी ले रहे हिस्सा

कोंडागांव, 18 नवंबर। जिला स्तरीय दो दिवसीय बस्तर ओलंपिक 2026-27 का शुभारंभ रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ किया गया। प्रतियोगिता में जिले के कुल 1340 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। इनमें 610 महिला और 730 पुरुष खिलाड़ी शामिल हैं।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष नरपति पटेल एवं विशिष्ट अतिथि नगर पालिका परिषद के उपाध्यक्ष जसकेतु उसेन्डी, छत्तीसगढ़ तीरंदाजी संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष दीपेश अरोड़ा, एल्डरमैन अविनाश सोरी, जिला भाजपा अध्यक्ष नागेश देवांगन, मंडल अध्यक्ष कुलवंत चहल, जिला महामंत्री शीतल पटेल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अविनाश भोई, वरिष्ठ खेल अधिकारी सुधा कुमार सहित अन्य अतिथियों की उपस्थिति में किया गया।

खेलो इंडिया तीरंदाजी सेंटर मैदान में छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर एवं पुष्प अर्पित कर प्रतियोगिता की शुरुआत की गई। कार्यक्रम में कंट्रोल रूम प्रभारी प्रभाकर सिंह, मंच व्यवस्था प्रभारी नरेंद्र कुमार नायक, श्रीमती बलवंती मिन्ज, सुश्री प्रेमलता ठाकुर, मंच संचालक वीरेंद्र दीवान, मधु तिवारी, दंतेश्वरी राव, खंड शिक्षा अधिकारी जगमोहन भोयर, शिक्षकगण और खिलाड़ी उपस्थित रहे।

आठ स्थानों पर होंगी खेल प्रतियोगिताएं

वरिष्ठ खेल अधिकारी सुधा कुमार ने बताया कि छत्तीसगढ़ शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा बस्तर ओलंपिक 2026-27 का आयोजन जिला कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना एवं जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती भारती प्रधान के मार्गदर्शन में किया जा रहा है।

प्रतियोगिताएं कोंडागांव के विभिन्न खेल मैदानों में आयोजित की जा रही हैं। खेलो इंडिया तीरंदाजी सेंटर, बड़े कनेरा रोड में तीरंदाजी और रस्साकशी, गुंडाधुर कॉलेज मैदान में एथलेटिक्स और खो-खो, ऑडिटोरियम के पीछे बड़े कनेरा रोड में वॉलीबॉल और कबड्डी, आउटडोर स्टेडियम कनेरा रोड में फुटबॉल तथा ऑडिटोरियम के पास बैडमिंटन कोर्ट में बैडमिंटन प्रतियोगिता आयोजित होगी।

इसके अलावा ऑडिटोरियम के पीछे स्थित जूडो हॉल में वेटलिफ्टिंग और कराटे तथा आदर्श स्कूल मैदान फरसगांव में हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।

जूनियर और सीनियर वर्ग में होंगे मुकाबले

प्रतियोगिता में जूनियर वर्ग के 14 से 17 वर्ष आयु वर्ग के बालक एवं बालिकाएं तथा सीनियर वर्ग में 17 वर्ष से अधिक आयु के महिला एवं पुरुष खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।

व्यक्तिगत खेलों में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी को 2000 रुपये, द्वितीय स्थान पर 1500 रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी को 1000 रुपये दिए जाएंगे।

दल आधारित खेलों में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 4000 रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 3000 रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 2000 रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। इसके साथ ही विजेताओं को प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किया जाएगा। पुरस्कार राशि खिलाडिय़ों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से भेजी जाएगी।

प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र तथा संभाग के लिए चयनित खिलाडिय़ों को खेल परिधान प्रदान किए जाएंगे। विजेता खिलाड़ी संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेने जगदलपुर जाएंगे।

जिले के चार खिलाडिय़ों को बनाया गया यूथ आइकॉन

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा वर्ष 2025 में कोंडागांव जिले के चार खिलाडिय़ों को यूथ आइकॉन घोषित किया गया है। इनमें तीरंदाजी की रंजू सोरी और सुशीला नेताम तथा एथलेटिक्स की कृतिका मरकाम और राधा नेताम शामिल हैं।

बस्तर ओलंपिक के आयोजन के लिए शासन द्वारा शुभंकर और लोगो निर्धारित किया गया है, जिसका उपयोग प्रतियोगिता के प्रचार-प्रसार में किया गया है।

रस्साकशी में बड़े राजपुर की महिला टीम विजेता

प्रतियोगिता के पहले दिन 17 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की महिला टीमों के बीच रस्साकशी का मुकाबला कोंडागांव और बड़े राजपुर के बीच हुआ। इसमें बड़े राजपुर की महिला टीम ने जीत हासिल कर प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि कोंडागांव की टीम दूसरे स्थान पर रही।

दोनों टीमों को मंच पर मुख्य अतिथि द्वारा स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।


अन्य पोस्ट