कोण्डागांव
एकलव्य विद्यालय शामपुर मामले में जांच समिति ने सौंपी रिपोर्ट
कोंडागांव, 17 नवंबर। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, शामपुर (विकासखंड माकड़ी) में 31 अक्टूबर एवं 3 नवंबर को प्राप्त शिकायतों के परिप्रेक्ष्य में कलेक्टर द्वारा गठित 15 सदस्यीय जांच समिति (जिसमें प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस साइबर सेल, पालक एवं जनप्रतिनिधि शामिल थे) ने 13 नवंबर को विद्यालय परिसर का बिंदुवार निरीक्षण किया।
13 नवंबर को 15 सदस्यीय जांच समिति द्वारा सीसीटीवी के संदर्भ में निरीक्षण किया गया। जांच समिति की रिपोर्ट का संक्षिप्त निष्कर्ष इस प्रकार से है। बालिका छात्रावास के कक्ष क्रमांक 8 एवं 98 के समीप सीसीटीवी दोनों जगह पर लगा हुआ था। परंतु ये दोनों सीसीटीवी कैमरे ऑपरेशनल नहीं हुए थे एवं छात्राओं की आपत्ति के उपरांत सीसीटीवी कैमरा स्थापित होने के एक दिवस के अंदर उक्त दोनों सीसीटीवी कैमरे को पूर्व स्थापित स्थान से हटाकर बगल की दीवार पर लगाया गया। नवचिन्हित स्थानों पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरे में महिला शौचालय या उसका दरवाजा नजर नहीं आ रहा है। इस विषय पर किसी भी प्रकार की बदनीयती या दुर्भावना परिलक्षित नहीं होती है। सीसीटीवी के अवलोकन उपरांत समिति इस निष्कर्ष पर पहुंचती है कि डीवीआर एवं हार्ड ड्राइव को जब्त कर साइबर फोरेंसिक को जाँच हेतु प्रेषित किया जाए।
2 नवंबर को अनुभागीय अधिकारी (राजस्व) किशोर शर्मा, सहायक आयुक्त (आदिवासी विकास विभाग) कृपेन्द्र तिवारी, थाना प्रभारी, थाना कोंडागांव सौरभ उपाध्याय के द्वारा मुकुल पारीक को बंधक बनाए जाने के संबंध में समिति के द्वारा जांच किया गया। जांच के निष्कर्ष अनुसार 2 नवंबर के सीसीटीवी फुटेज के अवलोकन करने से स्पष्ट होता है कि तत्कालीन एसडीएम किशोर शर्मा, सहायक आयुक्त (आदिम जाति विकास विभाग) कृपेन्द्र तिवारी एवं थाना प्रभारी कोंडागांव सौरभ उपाध्याय के द्वारा विद्यालय में कार्यरत मुकुल पारिक से कोई जबरदस्ती नहीं की गई, न ही किसी प्रकार की मारपीट की गई, न ही उसका फोन लेकर कोई गया, न ही उसको किसी प्रकार बंधक बनाया गया। उससे सिर्फ पूछताछ के उद्देश्य से ही प्राचार्य कक्ष में बुलाया गया था। पूछताछ की अवधि में मुकुल की सहूलियत एवं सुविधा का पूरा ध्यान रखा गया था एवं उसके खान-पान का भी ध्यान रखा गया था। अत: पूर्व में की गई शिकायत कि एसडीएम, सहायक आयुक्त एवं थाना प्रभारी के द्वारा मुकुल को बंधक बनाया गया था, समिति की राय में यह पूर्णत: गलत साबित हुआ।
बालक छात्रावास के मौजूद दोनों डीवीआर को विधिवत जब्त कर साइबर सेल कोंडागांव को सुपुर्द किया गया।
जाँच समिति में अभिनव उपाध्याय अनुविभागीय अधिकारी पुलिस फरसगांव, रश्मि पोया डिप्टी कलेक्टर, भवानी वैद्य महिला आरक्षक सायबर सेल कोण्डागांव, लूमन सिंह भण्डारी प्रधान आरक्षक सायबर सेल कोण्डागांव, मनोज पोयाम आरक्षक सायबर सेल कोण्डागांव, संतोष कोड़ोपी सायबर सेल कोण्डागांव, संतुराम नेताम पालक, बासमन नेताम पालक, जतीराम नाग पालक, श्रीमति सुमित्रा पालक, गणेश राम दुग्गा प्रतिनिधि, पनकुराम नेताम प्रतिनिधि, धनीराम सोरी प्रतिनिधि, रूपेन्द्र कुमार पोयाम, दशरू नेताम शामिल रहे।
जिला प्रशासन इस पूरे प्रकरण में अत्यंत संवेदनशील और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ कार्य कर रहा है। बच्चों के सुरक्षित भविष्य, निजता, सम्मान और शैक्षणिक हितों की रक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रशासन द्वारा पारदर्शी जांच एवं त्वरित सुधारात्मक कदम उठाए गए हैं। सभी आवासीय विद्यालयों एवं छात्रावासों में सुरक्षित और पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु प्रशासन द्वारा निरंतर सख्त निगरानी एवं आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं।