कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 13 नवंबर। रायपुर से वारंगल तेलंगाना जा रहे एक ट्रेलर चालक और उसके साले पर तलवार से हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
प्रार्थी तारसेन सिंह रायपुर ने पुलिस को बताया कि 11 नवंबर की रात्रि लगभग 1.30 बजे वे अपने साले हीरासिंह के साथ 18 चक्का ट्रेलर (क्रमांक एनएल-01-एई-7424) में लोहे की रेल पटरी लेकर रायपुर से वारंगल जा रहे थे। केशकाल स्थित गिरिदीप स्कूल के पास एनएच-30 मुख्य मार्ग पर दूसरे ट्रेलर (क्रमांक सीजी-07-डीसी-7213) के चालक विक्रम सिंह द्वारा उनके वाहन को ओवरटेक कर रोक लिया गया।
ओवरटेक करने की बात को लेकर आरोपी विक्रम सिंह दुर्ग ने प्रार्थी और उनके साले के साथ विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि उसने अश्लील गाली-गलौच करते हुए जान से मारने की धमकी दी और अपने वाहन से धारदार तलवार निकालकर उन पर हमला कर दिया।
इस मामले में थाना केशकाल में आरोपी विक्रम सिंह के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।