कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 13 नवंबर। थाना फरसगांव पुलिस द्वारा मंदिर के दानपेटी से चोरी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल, 500 रुपये नकद, एक लोहे का रॉड और एक आरी ब्लेड जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार प्रार्थी जगदेव मरकाम ने थाना फरसगांव में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 7 अक्टूबर की शाम गायत्री मंदिर का ताला लगाकर वे सोए थे। 8 अक्टूबर की सुबह करीब 4 बजे जब वे मंदिर पहुंचे, तो चैनल गेट का ताला टूटा हुआ मिला और मंदिर की दानपेटी गायब थी। इसके अलावा, फरसगांव के हनुमान मंदिर में भी चैनल गेट का ताला तोडक़र नकदी चोरी होने की बात सामने आई।
पुलिस अधीक्षक कोण्डागांव पंकज चंद्रा के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा के मार्गदर्शन और एसडीओपी फरसगांव अभिनव उपाध्याय के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक आलोक साहू के नेतृत्व में टीम गठित की गई। मुखबिर की सूचना के आधार पर संदेही हरेन्द्र गुप्ता कोण्डागांव को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
आरोपी ने पूछताछ में गायत्री शक्तिपीठ मंदिर और हनुमान मंदिर में चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी की निशानदेही पर 10,000 रुपये कीमत का मोबाइल, 500 रुपये नकद, दानपेटी, लोहे का रॉड और आरी ब्लेड स्टेडियम ग्राउंड के पास से जब्त किया गया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी हरेन्द्र गुप्ता को 12 नवंबर को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।