कोण्डागांव
कोण्डागांव, 13 नवंबर। विधिक जागरूकता अभियान के अंतर्गत प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोण्डागांव खिलावन राम रिगरी के निर्देशानुसार तथा सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोण्डागांव गायत्री साय के नेतृत्व में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कोकोड़ी में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
उक्त शिविर में प्रतिधारक अधिवक्ता सुरेन्द्र भट्ट एवं अधिकार मित्र लोकेश यादव, रंजन बैध, गुलशन नेताम तथा वासुदेव मरकाम, द्वारा उपस्थित छात्र-छात्राओं को विभिन्न कानूनी विषयों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
शिविर के दौरान विद्यार्थियों को पॉक्सो अधिनियम, 2012, बाल विवाह निषेध अधिनियम, बाल श्रम निषेध कानून एवं यातायात नियमों के संबंध में जागरूक किया गया। साथ ही बच्चों के साथ होने वाले विभिन्न प्रकार के अपराधों, बाल शोषण से बचाव, अपने अधिकारों एवं किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में सहायता प्राप्त करने के कानूनी उपायों की जानकारी दी गई।
इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से पात्र व्यक्तियों को उपलब्ध कराई जाने वाली नि:शुल्क विधिक सहायता एवं नि:शुल्क अधिवक्ता की सुविधा के संबंध में भी विस्तारपूर्वक बताया गया।
उक्त शिविर में अधिकार मित्र लोकेश यादव, रंजन बैध, गुलशन नेताम तथा वासुदेव मरकाम, प्राचार्य किशन लाल नेताम एवं समस्त शिक्षकगण और बच्चों उपस्थित रहे ।