कोण्डागांव
मसोरा में ट्रक और मालवाहक चालकों की बेमुद्दत हड़ताल शुरू
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 12 नवंबर। देशभर में 12 नवंबर से शुरू हुए अनिश्चितकालीन स्टेयरिंग छोड़ो आंदोलन का असर कोण्डागांव में भी दिखाई देने लगा है। नेशनल हाईवे 30 पर मसोरा गांव में ट्रक वाहन चालक कल्याण संघ और अन्य ड्राइवर संगठनों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। हड़ताल में कोण्डागांव के ट्रक, ऑटो और छोटे मालवाहक वाहनों के चालक शामिल हुए हैं। वहीं बस और अन्य वाहन चालकों से भी आंदोलन में शामिल होने की अपील की जा रही है। फिलहाल बड़ी बसों के चालक हड़ताल में शामिल नहीं हुए हैं, जबकि छोटे रूट पर चलने वाली कुछ बसों के चालक आंदोलन का समर्थन करते हुए शामिल हुए हैं।
ऑल इंडिया ड्राइवर ज्वाइंट कमेटी, ऑल छत्तीसगढ़ ड्राइवर एसोसिएशन और छत्तीसगढ़ ड्राइवर महासंगठन के आह्वान पर शुरू किए गए इस आंदोलन में ड्राइवरों ने अपनी 15 सूत्रीय मांगें रखी हैं। इनमें राष्ट्रीय ड्राइवर सुरक्षा कानून लागू करने, राष्ट्रीय और राज्य ड्राइवर आयोग के गठन, ड्राइवर वेलफेयर बोर्ड बनाने, अनिवार्य जीवन एवं दुर्घटना बीमा, ड्राइवर हेल्थ कार्ड और कैशलेस इलाज की सुविधा प्रमुख हैं। इसके अलावा 55 वर्ष की आयु के बाद पेंशन, राष्ट्रीय राजमार्गों पर ड्राइवर विश्रामगृह, निर्धारित कार्य समय, उचित वेतन और ओवरटाइम की व्यवस्था करने की मांग की गई है।
ड्राइवर संगठनों की अन्य मांगों में पुलिस और परिवहन विभाग द्वारा अनावश्यक उत्पीडऩ पर रोक, दुर्घटना के मामलों में निष्पक्ष जांच, ड्राइवरों के बच्चों की शिक्षा के लिए विशेष योजनाएं, परिवार सहायता योजना, सडक़ किनारे अवैध वसूली पर रोक और राष्ट्रीय स्तर पर ड्राइवर पंजीकरण एवं पहचान पत्र जारी करना शामिल है। साथ ही सभी ड्राइवरों को जॉइनिंग लेटर के साथ पीएफ और ईएसआईसी की सुविधा अनिवार्य रूप से देने की मांग भी रखी गई है।
संगठनों का कहना है कि जब तक ड्राइवरों की सुरक्षा, सम्मान और सामाजिक कल्याण से जुड़ी मांगों पर सरकार निर्णय नहीं लेती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।