कोण्डागांव

कन्या व बालक छात्रावास में मिली अव्यवस्थाएं, 4 कमरे सील, प्राचार्य -अधीक्षकों को हटाया
12-Nov-2026 8:46 PM
कन्या व बालक छात्रावास में मिली अव्यवस्थाएं, 4 कमरे सील, प्राचार्य -अधीक्षकों को हटाया

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
कोण्डागांव, 12 नवम्बर।
एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय शामपुर के कन्या एवं बालक छात्रावास में मिली अव्यवस्थाओं और अनियमितताओं के मामले में प्रशासन द्वारा कार्रवाई की गई है। जांच प्रतिवेदन के बाद प्राचार्य हटाए गए तथा नए प्राचार्य की नियुक्ति कर दी गई है। इसके साथ ही कन्या एवं बालक छात्रावास के अधीक्षकों को भी उनके कार्यों से पृथक कर दिया गया है। संदिग्ध सामग्री की आशंका पर चार कमरे सील किए गए।

ज्ञात हो कि कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी नूपुर राशि पन्ना के निर्देश पर गठित जिला स्तरीय जांच समिति द्वारा 3 नवंबर को छात्रावासों का निरीक्षण किया गया था।
जांच समिति के अनुसार, दोनों छात्रावासों में साफ-सफाई, रखरखाव और व्यवस्थाओं में कई गंभीर कमियां पाई गईं।

कन्या और बालक दोनों छात्रावासों के मेस व स्टोर रूम में रखे अनाज और राशन सामग्री में कीड़े पाए गए तथा कुछ सामग्री की एक्सपायरी डेट (उपयोग तिथि समाप्ति) भी निकल चुकी थी। किचन में चूहों द्वारा बिल बनाए जाने और गंदगी मिलने की बात सामने आई है।

कन्या छात्रावास में शौचालयों के दरवाजे टूटे हुए मिले, कई नल खराब स्थिति में पाए गए और परिसर में स्थित सेनेटरी पैड बर्नर मशीन भी बंद मिली। इसके अलावा बालक छात्रावास के कमरों में सीलन, पानी का रिसाव और टूटे हुए खिड़की के कांच देखे गए।

निरीक्षण के दौरान गार्ड रूम बंद मिलने पर जब उसे खुलवाया गया, तो संस्था की प्राचार्या वहां उपस्थित मिलीं, जिनकी स्थिति को संदेहास्पद बताया गया है। सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नायब तहसीलदार कोण्डागांव और समिति की उपस्थिति में संबंधित कक्षों को सील कर दिया गया है।
जांच प्रतिवेदन के आधार पर प्राचार्य चन्द्रकिरण तिवारी को संस्था के समस्त प्रभार से हटा दिया गया है। इसके साथ ही कन्या एवं बालक छात्रावास के अधीक्षकों को भी उनके कार्यों से पृथक कर दिया गया है तथा शासन द्वारा नए प्राचार्य की नियुक्ति कर दी गई है।

प्रशासन ने विद्यालय में आवश्यक मरम्मत कार्य और स्वच्छता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही, बच्चों के खान-पान, मेस संचालन और साफ-सफाई की नियमित देखरेख के लिए पालकों की एक समिति गठित करने का निर्णय लिया गया है।


अन्य पोस्ट