कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 11 नवंबर। बस्तर संभाग के अस्पतालों में कैशलेस सुविधा प्रदान करने की मांग की गई है।
कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन कोंडागांव के जिला संयोजक निर्मल कुमार शार्दूल, प्रांतीय संयोजक प्रधान अध्यापक संघर्ष मोर्चा पी जी राव, जिला संयोजक प्रधान अध्यापक संघर्ष मोर्चा जिला बस्तर अनूप बोस, संयोजक प्रधान अध्यापक संघर्ष मोर्चा जिला कांकेर प्रकाश साहू, जिला सचिव प्रधान अध्यापक संघर्ष मोर्चा जिला कोंडागांव रामलाल नेताम एवं छत्तीसगढ़ शिक्षक फेडरेशन के जिला अध्यक्ष लोकेश गायकवाड़ ने कैशलेस सुविधा का स्वागत किया।
उल्लेखनीय है कि निर्मल कुमार शार्दूल के जिला संयोजक बनने के बाद प्रांतीय अध्यक्ष कमल वर्मा से संपर्क कर मुख्यमंत्री को पत्र प्रेषित कर कैशलेस सुविधा हेतु बस्तर संभाग के जगदलपुर, कोंडागांव व कांकेर के प्रमुख अस्पतालों को शामिल करने की मांग की गई है।
बयान में कहा गया है कि 108 की सुविधा होने के बावजूद अंदरूनी इलाकों में इलाज की पूरी सुविधा उपलब्ध नहीं है। वर्तमान में रायपुर में जो अस्पताल तय किए गए हैं, वे कोंटा, सुकमा और दंतेवाड़ा से लगभग 500 किलोमीटर दूर हैं। ऐसे में कर्मचारियों को रायपुर के अस्पताल तक जाने के लिए आवागमन में लगभग 10,000 रुपये खर्च करने पड़ते हैं। अत: बस्तर संभाग में कम से कम 3 अस्पतालों को कैशलेस सुविधा प्रदान की जाए। इस मांग का सभी शिक्षकों ने स्वागत किया है।