कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव,11 नवम्बर। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर के दिशा-निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोंडागांव खिलावन राम रिगरी के नेतृत्व एवं गरिमामयी उपस्थिति में 9 नवंबर को जिला न्यायालय परिसर कोंडागांव के मध्यस्थता कक्ष में विधिक सेवा दिवस मनाया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोंडागांव के अध्यक्ष खिलावन राम रिगरी ने कहा कि न्याय प्राप्त करना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है। किसी भी व्यक्ति को आर्थिक कमजोरी, अशिक्षा अथवा सामाजिक परिस्थितियों के कारण न्याय से वंचित नहीं रहना चाहिए। विधिक सेवा प्राधिकरण का मूल उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय की रोशनी पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि नि:शुल्क विधिक सहायता, लोक अदालत, मध्यस्थता एवं विधिक जागरूकता शिविरों के माध्यम से जरूरतमंद लोगों को न्याय प्राप्त करने के लिए आवश्यक सहयोग प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने अधिकार मित्रों एवं अधिवक्ताओं से अपील की कि वे अपने क्षेत्र में लोगों को उनके अधिकारों और विधिक सेवाओं की जानकारी देकर न्याय व्यवस्था से जोडऩे में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
इसी क्रम में जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश विक्रम प्रताप चंद्रा ने कहा कि केवल कानूनों का निर्माण होना पर्याप्त नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक को उन कानूनों की जानकारी होना भी आवश्यक है। विधिक जागरूकता ही शोषण, अन्याय एवं अधिकारों के उल्लंघन के विरुद्ध सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा समाज के कमजोर, वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों को नि:शुल्क विधिक सहायता प्रदान करने के साथ-साथ विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से उन्हें सशक्त बनाने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने अधिकार मित्रों को विधिक सेवाओं की महत्वपूर्ण कड़ी बताते हुए कहा कि वे शासन एवं न्याय व्यवस्था की योजनाओं को आम नागरिकों तक पहुंचाने में सेतु का कार्य करते हैं।
कार्यक्रम में जिला अधिवक्ता संघ के संरक्षक तिलक पांडे , अधिवक्ता गोपाल दीक्षित , प्रशांत दत्ता , सुरेंद्र भट्ट एवं प्रशांत मिश्रा तथा कोंडागांव जिले के समस्त अधिकार मित्र उपस्थित रहे।