कोण्डागांव
कोंडागांव, 10 नवंबर। कोंडागांव जिले के संकुल केंद्र करंजी स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय डोंगरीपारा के नन्हे छात्र छात्राओं ने दीपावली अवकाश के पूर्व अपने संस्था परिसर मे रंगीन दियों को प्रज्वलित कर एक खूबसूरत दीपक की आकृति को उकेरा एवं बड़े उत्साह के साथ फुलझड़ी,पटाखे फोडक़र एक दूसरे को दीपावली की बधाई दी।
कार्यक्रम की अगली कड़ी मे शिक्षिका सारिका वैष्णव के मार्गदर्शन मे नन्हे छात्र छात्राओं ने बड़े ही उत्साह के साथ शाला परिसर में विभिन्न कलात्मक झूमर का निर्माण किया व रंगोली बनाकर अपने संस्था के आंगन को विभिन्न खूबसूरत रंगों से सजाया।
कार्यक्रम संयोजक शिक्षक टी.एंकट राव ने बच्चों को दीपावली त्यौहार की हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि दीपावली त्यौहार भारत मे हिंदुओं का एक प्रमुख त्योहार है। इसे दीपो की रौशनी का त्योहार भी कहा जाता है। यह त्योहार कार्तिक मास की अमावस्या को मनाया जाता है। भगवान राम के चौदह वर्ष के वनवास से लौटने पर अयोध्यावासियों ने उनके स्वागत के लिए पूरे अयोध्या को दीपों की रौशनी से रौशन किया था, तब से लेकर आज तक यह परंपरा चली आ रही है और इसी परंपरा के अनुसार आज भी हम सब दीपावली के अवसर पर अपने घर आँगन को सजाकर कर दीपों के इस त्यौहार को बड़े ही हर्ष और उल्लास के साथ मनाते हंै।