कोण्डागांव

महिला बास्केटबॉल अंतरविवि प्रतियोगिता में भाग लेने गुण्डाधुर कॉलेज की छात्राएं त्रिपुरा रवाना
07-Nov-2026 9:40 PM
महिला बास्केटबॉल अंतरविवि प्रतियोगिता में भाग लेने गुण्डाधुर कॉलेज की छात्राएं त्रिपुरा रवाना

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

 कोंडागांव, 7 नवंबर। शासकीय गुण्डाधुर स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कोंडागांव की प्रतिभावान छात्राओं का दल, पुष्पा मरकाम, नन्दनी, लक्ष्मी देवांगन महिला अंतरविश्वविद्यालयीन बास्केटबॉल प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए त्रिपुरा रवाना हुईं। यह प्रतियोगिता 11 से 15 नवंबर  तक त्रिपुरा विश्वविद्यालय अगरतला त्रिपुरा में आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता पूर्व विशेष प्रशिक्षण शिविर 5 से 6 नवम्बर को शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय जगदलपुर बस्तर में आयोजित किया गया है।

पुष्पा, नंदनी, लक्ष्मी का अंतरविश्वविद्यालयीन प्रतियोगिता के लिए चयन महाविद्यालय एवं शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय, बस्तर के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने बास्केटबॉल के क्षेत्र में अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन एवं खेल प्रतिभा के दम पर यह उपलब्धि हासिल की है। प्रतियोगिता में यह खिलाड़ी छात्राएं देश के विभिन्न विश्वविद्यालयों की प्रतिभावान खिलाडिय़ों के साथ प्रतिस्पर्धा करते हुए अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।

महाविद्यालय की प्राचार्य  डॉ. सरला आत्राम के मार्गदर्शन में क्रीड़ा अधिकारी एच आर यदु द्वारा विद्यार्थियों को खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए निरंतर प्रशिक्षण एवं प्रोत्साहित किया जा रहा है। छात्राओं की इस उपलब्धि से महाविद्यालय में हर्ष का माहौल है। इससे पूर्व राज्य स्तरीय बास्केटबाल प्रतियोगिता  भाटापारा बलौदाबाजार में आयोजित किया गया था जिसमें प्रदर्शन के आधार पर इन  खिलाड़ी छात्राओं का विश्वविद्यालय दल के लिए चयन किया गया।

महाविद्यालय की प्राचार्य, क्रीड़ा विभाग , समस्त प्राध्यापको कर्मचारियों और महाविद्यालयीन विद्यार्थियों ने सभी छात्राओं को प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने तथा महाविद्यालय एवं विश्वविद्यालय का नाम रोशन करने के लिए शुभकामनाएँ दीं।


अन्य पोस्ट