कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 7 नवंबर। शासकीय गुण्डाधुर स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कोंडागांव के खिलाडिय़ों ने खेल के क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन करते हुए एक बार फिर महाविद्यालय का गौरव बढ़ाया है। उच्च शिक्षा विभाग द्वारा निर्देशित शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय जगदलपुर बस्तर के कांकेर सेक्टर द्वारा 5 से 6 नवंबर तक भानुप्रतापदेव शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कांकेर में आयोजित सेक्टर स्तरीय एथलेटिक्स महिला एवं पुरुष प्रतियोगिता में महाविद्यालय के खिलाडिय़ों ने दोनों वर्गों में सर्वाधिक अंक अर्जित कर ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी अपने नाम की। इस प्रतियोगिता में कांकेर सेक्टर के सभी महाविद्यालयों की दलों ने सहभाग किया जिसमें जिला कांकेर, जिला नारायणपुर एवं जिला कोंडागांव के खिलाड़ी शामिल थे।
पुरुष वर्ग में महाविद्यालय के खिलाड़ी रतेंन उसेंडी ने ऊंची कूद एवं लंबी कूद में प्रथम स्थान प्राप्त किया, वहीं 100 मीटर दौड़ में द्वितीय स्थान हासिल किया। प्रदीप कुमार मरकाम ने अपनी शानदार प्रदर्शन क्षमता का परिचय देते हुए 1500 मीटर, 5 किलोमीटर एवं 10 किलोमीटर दौड़ तीनों स्पर्धाओं में प्रथम स्थान प्राप्त कर विशेष उपलब्धि हासिल की। बीरसिंग पोटाई ने तवा फेंक में प्रथम एवं गोला फेंक में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं आकाश ने 800 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान हासिल कर महाविद्यालय को महत्वपूर्ण अंक दिलाए।
महिला वर्ग में सन्मति ने 800 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान प्राप्त किया। सरस्वती ने 5 किलोमीटर दौड़ में प्रथम एवं ऊंची कूद में तृतीय स्थान हासिल किया। प्रमिला ने 110 मीटर बाधा दौड़ में प्रथम तथा त्रिकूद में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। सरनबती ने 1500 मीटर एवं 10 किलोमीटर दौड़ दोनों स्पर्धाओं में प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। वहीं देवकी ने भाला फेंक में प्रथम एवं लंबी कूद में द्वितीय स्थान प्राप्त कर महाविद्यालय की सफलता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
महिला एवं पुरुष दोनों वर्गों में खिलाडिय़ों के उत्कृष्ट प्रदर्शन के परिणामस्वरूप शासकीय गुण्डाधुर स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कोंडागांव ने सेक्टर स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता की दोनों ओवरऑल चैंपियनशिप अपने नाम की।
संस्था के क्रीड़ाधिकारी एच. आर. यदु ने बताया कि प्राचार्य डॉ. सरला आत्राम के मार्गदर्शन में उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार एथलेटिक्स सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए जुलाई से लगातार प्रशिक्षण शिविर एवं नियमित अभ्यास कराया जा रहा है। इसी सतत प्रशिक्षण एवं खिलाडिय़ों की मेहनत का परिणाम है कि महाविद्यालय के विद्यार्थी विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर रहे हैं। इसके फलस्वरूप महाविद्यालय के खिलाडिय़ों का चयन सेक्टर स्तरीय, राज्य स्तरीय, अंतर विश्वविद्यालय एवं अखिल भारतीय स्तर की प्रतियोगिताओं में हो रहा है।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सरला आत्राम ने सभी विजेता खिलाडिय़ों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल खेल भविष्य की कामना की। महाविद्यालय परिवार, क्रीड़ा विभाग एवं विद्यार्थियों ने भी इस दोहरी सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए खिलाडिय़ों को बधाई दी।