कोण्डागांव
पुलिस पर धक्का देकर बाहर निकालने का आरोप, एसपी बोले- थाने में 100 से अधिक लोग घुसे, तोडफ़ोड़ का पंचनामा तैयार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 6 नवंबर। कोण्डागांव जिला के एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय श्यामपुर में अव्यवस्थाओं की जांच के बाद मंगलवार देर रात मामला गरमा गया। जांच में सामने आई कथित खामियों और विद्यालय परिसर में सबूतों से छेड़छाड़ के आरोपों को लेकर आदिवासी समाज और पालकों में नाराजगी बढ़ गई। देर शाम तक विद्यालय के सामने सडक़ पर बैठे पालक, परिजन और सामाजिक जन शिकायत दर्ज कराने अनुसूचित जाति-जनजाति (अजाक) पुलिस थाना पहुंचे। इसी दौरान थाने में भीड़ बढऩे के बाद घेराव और हंगामे की स्थिति बन गई। पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाइश देकर परिसर से बाहर किया। घटना के बाद देर रात तक प्रदर्शनकारी थाने के पास बैठे रहे। पुलिस ने परिसर में कथित तोडफ़ोड़ और नुकसान का पंचनामा तैयार करने की बात कही है, जबकि आदिवासी समाज ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं।
छत्तीसगढ़ सर्व आदिवासी समाज के जिला अध्यक्ष पनकू राम नेताम ने आरोप लगाया कि 31 अक्टूबर को विद्यालय में सील लगाने की बात कही गई थी, लेकिन जांच दल के निरीक्षण के दौरान छात्रावास सील नहीं मिले। उन्होंने दावा किया कि एक दिन पहले परिसर में छेड़छाड़ कर साक्ष्यों को प्रभावित करने का प्रयास किया गया।
नेताम के अनुसार, इसी मामले में पूरे आदिवासी समाज के खिलाफ कथित अभद्र टिप्पणी से आहत होकर समाज के लोग अजाक थाने में शांतिपूर्वक आवेदन देने पहुंचे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी दौरान पुलिस अधीक्षक के पहुंचने पर आदिवासी समाज के पदाधिकारियों और महिला पदाधिकारी सहित लोगों को धक्का देकर बाहर निकाला गया। नेताम ने कहा कि इस घटना से समाज का पुलिस और प्रशासन पर भरोसा टूट गया है।
उन्होंने पांचवीं अनुसूची क्षेत्र में ग्रामसभा की भूमिका का उल्लेख करते हुए सवाल उठाया कि जब प्रशासन से ही न्याय की उम्मीद नहीं रहेगी तो समाज किसके पास जाएगा।
वहीं, पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा ने बताया कि अजाक थाने के घेराव की स्थिति बनने पर वे मौके पर पहुंचे और लोगों से चर्चा कर उन्हें परिसर से बाहर किया गया। उन्होंने कहा कि परिसर में पुलिसकर्मियों के परिवारों के आवास भी हैं, जहां घटना के दौरान दहशत का माहौल बन गया था। एसपी के अनुसार, 100 से अधिक लोग थाना परिसर में घुस गए थे और वहां तोडफ़ोड़ की गई। पुलिस नुकसान का पंचनामा तैयार कर रही है। उन्होंने बताया कि संबंधित लोगों से कहा गया है कि पीडि़त और आवेदक थाने पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज कराएं, जिसके बाद वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। एसपी ने कहा कि वे करीब 40 मिनट तक मौके पर बैठकर आवेदकों का इंतजार करते रहे, लेकिन उस समय तक कोई पीडि़त या आवेदक सामने नहीं आया था। उन्होंने पुलिसकर्मियों के परिजनों के नुकसान के संबंध में भी नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की बात कही।
ज्ञात हो कि एकलव्य विद्यालय श्यामपुर का मामला 10 अक्टूबर को शिक्षिका प्रियंका परिहार के आत्महत्या का प्रयास करने के बाद से लगातार चर्चा में है। शिक्षिका ने विद्यालय में विद्यार्थियों को मिलने वाली सुविधाओं में कमी और मानसिक प्रताडऩा के आरोप लगाए थे। 31 अक्टूबर को उनके समर्थन में छात्र, पालक और सामाजिक जनों ने प्रदर्शन किया था। इसके बाद गठित जांच समिति ने 3 नवंबर को विद्यालय के बालक और कन्या छात्रावास का निरीक्षण किया।
छत्तीसगढ़ सर्व आदिवासी समाज के जिला अध्यक्ष ने जांच के दौरान 30 से 35 बिंदुओं पर खामियां मिलने और करीब छह कमरों को सील किए जाने का दावा किया था।
हालांकि, जांच समिति की अंतिम रिपोर्ट और थाने में हुई घटना के संबंध में पुलिस की विस्तृत जांच सामने आना बाकी है। दोनों पक्षों के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और आगे की कार्रवाई के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी